Auraiya News: चलती ट्रेन के पायदान पर बैठना पड़ा भारी, संतुलन बिगड़ा तो गई 23 वर्षीय युवक की जान

Auraiya News: चलती ट्रेन के पायदान पर बैठना पड़ा भारी, संतुलन बिगड़ा तो गई 23 वर्षीय युवक की जान

औरैया, अमृत विचार। औरैया के अछल्दा क्षेत्र में सोमवार सुबह चलती ट्रेन से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। हादसा बैशोली गांव के सामने दिल्लीहावड़ा रेलमार्ग पर हुआ।

बताया गया कि युवक ट्रेन के पायदान पर बैठकर यात्रा कर रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

लोको पायलट ने ट्रैक पर शव देखकर दी सूचना

जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे 12452 श्रम शक्ति एक्सप्रेस के लोको पायलट ने रेलवे ट्रैक पर युवक का शव पड़ा देखा। उन्होंने इसकी सूचना अछल्दा स्टेशन मास्टर को दी।

स्टेशन मास्टर की ओर से तत्काल आरपीएफ को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ के मनोज कुमार मौके पर पहुंचे।

जेब से मिले आधार कार्ड से हुई पहचान

आरपीएफ ने युवक की तलाशी ली तो उसकी जेब से आधार कार्ड समेत अन्य दस्तावेज मिले। दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान 23 वर्षीय अंकित कुमार पुत्र विवेक, निवासी नया टोला मिर्जापुर, पोस्ट नाथ नगर, जिला भागलपुर, बिहार के रूप में हुई।

शव दिल्लीहावड़ा रेलमार्ग के किलोमीटर संख्या 1117/26 से 1117/28 के बीच पड़ा मिला।

जीआरपी ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलने के बाद जीआरपी के विक्रम सिंह भी मौके पर पहुंचे। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस की ओर से मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी देने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *