Please assign a menu to the primary menu location under menu

Cricket

IPL 2026 से पहले बड़ा झटका! अजिंक्य रहाणे की कप्तानी छोड़ने वाली पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल

 IPL 2026, Ajinkya Rahane viral post: कुछ ही दिनों में आईपीएल का 19वां सीजन शुरू होने वाला है और एक बार फिर करीब दो महीने तक 10 टीमों के बीच खिताब की जंग देखने को मिलेगी। IPL 2026 से पहले सभी फ्रेंचाइज़ियों ने अपनी-अपनी टीमों में बदलाव किए हैं। कहीं स्क्वॉड में फेरबदल हुआ है तो कहीं कोचिंग स्टाफ में नए चेहरे जुड़े हैं।

इसी बीच कोलकाता नाइट राइडर्स को लेकर भी बड़ी चर्चा शुरू हो गई है। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि टीम के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने अचानक कप्तानी छोड़ने का फैसला कर लिया है। एक वायरल पोस्ट ने फैंस के बीच हलचल मचा दी है और IPL 2026 से ठीक पहले KKR की कप्तानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रहाणे का इस्तीफा वायरल

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक अकाउंट से दिग्गज बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे के नाम से एक बयान पोस्ट किया गया है। दावा किया गया कि यह बयान उनके इंस्टाग्राम अकाउंट से लिया गया है। इस कथित बयान में लिखा गया है, “कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी करना और मैच जीतना एक सम्मान की बात रही। अब नया घरेलू सीजन आ रहा है और मुझे लगता है कि यही सही समय है जब एक नए लीडर को तैयार किया जाए, इसलिए मैंने कप्तानी जारी नहीं रखने का फैसला किया है।” इस पोस्ट के ऊपर 12 मार्च 2026 की तारीख भी लिखी हुई है, जिसने सोशल मीडिया पर सनसनी मचा दी। कई फैंस को लगा कि IPL शुरू होने से पहले ही KKR की कप्तानी में बड़ा बदलाव हो गया है।

IPL 2026: क्या है वायरल पोस्ट का सच?

हालांकि जब इस वायरल पोस्ट की पड़ताल की गई तो सच्चाई कुछ और ही निकली। अजिंक्य रहाणे ने न तो अपने किसी सोशल मीडिया अकाउंट पर ऐसा बयान पोस्ट किया है और न ही KKR की ओर से कप्तानी बदलने का कोई आधिकारिक ऐलान किया गया है।

दरअसल, यह पोस्ट पूरी तरह फेक है। असल में रहाणे ने इसी तरह का बयान पिछले साल दिया था, लेकिन वह मुंबई की घरेलू टीम की कप्तानी छोड़ने को लेकर था। उसी बयान को एडिट करके उसमें मुंबई की जगह कोलकाता नाइट राइडर्स का नाम जोड़ दिया गया और उसे वायरल कर दिया गया।

रहाणे ही KKR के कप्तान

अजिंक्य रहाणे को पिछले सीजन में KKR की कप्तानी सौंपी गई थी। 2024 में टीम को खिताब जिताने वाले कप्तान श्रेयस अय्यर मेगा ऑक्शन में पंजाब किंग्स के साथ जुड़ गए थे, जिसके बाद फ्रेंचाइज़ी ने रहाणे को टीम की कमान सौंपी। हालांकि रहाणे की कप्तानी में KKR को पिछले सीजन में वैसी सफलता नहीं मिल पाई और टीम प्लेऑफ तक भी नहीं पहुंच सकी। इसके बावजूद IPL 2026 में टीम की कमान एक बार फिर रहाणे के हाथों में ही रहने वाली है।

29 मार्च को होगा KKR का पहला मैच

IPL 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स अपने अभियान की शुरुआत 29 मार्च से करेगी। टीम का पहला मुकाबला मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। ऐसे में कप्तानी छोड़ने वाली वायरल पोस्ट पूरी तरह अफवाह साबित हुई है और साफ हो गया है कि इस सीजन में भी KKR की कमान अजिंक्य रहाणे के ही हाथों में रहने वाली है।

hi.quicksamachar@gmail.com

Leave a Reply