Moradabad News: CM योगी की घोषणा पर कोटेदारों में जश्न, धन्यवाद पत्र देकर बोले अब बढ़ेगी हमारी कमाई

Moradabad News: CM योगी की घोषणा पर कोटेदारों में जश्न, धन्यवाद पत्र देकर बोले अब बढ़ेगी हमारी कमाई

मुरादाबाद, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा राशन डीलरों के लाभांश में 35 रुपये प्रति कुंतल की बढ़ोतरी की घोषणा के बाद राशन विक्रेताओं में खुशी का माहौल है। छजलैट ब्लॉक सभागार में मुख्यमंत्री के लाइव प्रसारण के दौरान घोषणा होते ही मौजूद कोटेदारों ने खुशी जताई और सरकार का आभार व्यक्त किया।

90 से बढ़कर 125 रुपये प्रति कुंतल हुआ लाभांश

शासन के निर्देश पर छजलैट ब्लॉक सभागार में राशन डीलरों के लिए लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई थी। मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से 10 रुपये और प्रदेश सरकार की ओर से 25 रुपये प्रति कुंतल की बढ़ोतरी की गई है। इससे राशन डीलरों का लाभांश 90 रुपये से बढ़कर 125 रुपये प्रति कुंतल हो गया है। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। राशन डीलर लंबे समय से लाभांश बढ़ाने की मांग को लेकर धरनाप्रदर्शन और हड़ताल कर रहे थे। घोषणा के बाद कोटेदारों ने खुशी जताते हुए इसे अपनी पुरानी मांग की दिशा में बड़ी राहत बताया।

केंद्र से 25 रुपये और बढ़ाने की मांग

राशन डीलर संघ ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए केंद्र सरकार से लाभांश में 25 रुपये प्रति कुंतल की अतिरिक्त बढ़ोतरी करने की मांग भी रखी है। संगठन का कहना है कि लाभांश बढ़ने से राशन वितरण से जुड़े विक्रेताओं को आर्थिक राहत मिलेगी।

अब अन्य सामान बेचने की भी मिलेगी छूट

राशन डीलरों को घरेलू उपयोग की वस्तुओं की बिक्री की अनुमति दिए जाने की बात भी सामने आई है। इनमें कपड़े, साबुन, मसाले और खाद्य सामग्री समेत अन्य वस्तुएं शामिल हैं। इससे राशन दुकानदारों की आय के अतिरिक्त स्रोत बढ़ने की उम्मीद है।

कोटेदार संगठनों ने मुख्यमंत्री को दिया धन्यवाद पत्र

राशन डीलर संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद पत्र सौंपा। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सस्ता गल्ला विक्रेता परिषद के राजेश तिवारी, अशोक मल्होत्रा समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। छजलैट ब्लॉक सभागार में कांठ विधानसभा क्षेत्र के कोटेदारों के साथ एसडीएम, खंड विकास अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक और पूर्ति लिपिक भी मौजूद रहे। कोटेदार संगठन की ओर से प्रदेश सचिव चौधरी बृजेश कुमार, जिला अध्यक्ष तेजपाल सिंह और तहसील अध्यक्ष कविता राठी समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़े : 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *