
लखनऊ/मुरादाबाद। ‘एक पेड़ मां के नाम‘ पौधारोपण महाअभियान के तहत रविवार को उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में बड़े स्तर पर पौधारोपण किया गया। मुरादाबाद और लखनऊ में स्कूलों, ग्रामीण क्षेत्रों, खेतों, तालाबों, मेड़ों और नहर किनारों पर पौधे लगाए गए। इस दौरान लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल करने का संदेश दिया।
MSME मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने पौधरोपण कर किया शुभारंभ
गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय में रविवार को पौधरोपण किया गया। इसमें मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार में एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी रहे। मुख्य अतिथि ने स्वयं पौधा लगाकर लोगों का आह्वान किया कि धरती को हरा भरा रखने के लिए हर व्यक्ति को पौधा अवश्य लगाना चाहिए। जिससे वर्तमान और भावी पीढ़ी को एक बेहतर स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण का उपहार दे सकें।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष डा. शेफाली सिंह, नगर विधायक रितेश गुप्ता, मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह, जिलाधिकारी डा. राजेंद्र पैंसिया आदि ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान जिलाधिकारी ने मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी को एक पुस्तक एक पुष्प भेंट कर स्वागत किया।
विद्यार्थियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
मुरादाबाद में बेसिक शिक्षा विभाग के नगर क्षेत्र स्थित कंपोजिट विद्यालय गांधी पार्क में प्रधानाध्यापक राहुल शर्मा, शिक्षिकाओं और छात्रछात्राओं ने मिलकर पौधारोपण किया। इस अवसर पर पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लिया गया।
प्रधानाध्यापक राहुल शर्मा ने कहा कि पौधे हमें प्राणवायु ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, इसलिए उनका संरक्षण प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है, ताकि धरती को अधिक हराभरा बनाया जा सके। इस अवसर पर सभी ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने की प्रतिबद्धता भी जताई।
लखनऊ में दूसरे चरण के अभियान में कई विभाग हुए शामिल
राजधानी लखनऊ में रविवार को जिलेभर में पौधारोपण अभियान चलाया गया। अभियान के दूसरे चरण में ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न विभागों ने बड़े पैमाने पर पौधे लगाए।
वीबी जी राम जी के तहत ग्राम्य विकास विभाग ने करीब 50 साइटों पर श्रमिकों के माध्यम से पौधारोपण कराया, जिससे श्रमिकों को रोजगार भी मिला। इसके अलावा पंचायती राज, कृषि और उद्यान विभाग ने तालाबों, खेतों, मेड़ों, नहर पटरी और बागों सहित विभिन्न स्थानों पर पौधे लगाए।
पौधारोपण के साथ संरक्षण पर भी दिया गया जोर
अभियान के दौरान अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि पौधारोपण तभी सफल होगा जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल की जाए। लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और दूसरों को भी पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।