इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 19वें सीजन का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है, जहां पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले इस मैच को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है।
RCB जहां अपने खिताब की रक्षा करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी, वहीं इस मुकाबले में नजरें सिर्फ बल्लेबाजों पर ही नहीं बल्कि गेंदबाजों पर भी टिकी होंगी। खासकर अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के पास इस मैच में एक बड़ा इतिहास रचने का सुनहरा मौका होगा।
भुवनेश्वर कुमार आईपीएल इतिहास में एक खास उपलब्धि के बेहद करीब पहुंच चुके हैं। SRH के खिलाफ ओपनिंग मुकाबले में अगर वह 2 विकेट हासिल कर लेते हैं, तो वह आईपीएल में 200 विकेट लेने वाले गेंदबाजों के क्लब में शामिल हो जाएंगे।
अब तक इस आंकड़े को छूना आसान नहीं रहा है और बहुत कम गेंदबाज ही इसके करीब पहुंच पाए हैं। भुवी ने अपनी सटीक लाइन-लेंथ और स्विंग गेंदबाजी के दम पर यह मुकाम हासिल करने की नींव रखी है।
आईपीएल इतिहास में अब तक सिर्फ युजवेंद्र चहल ही 200 या उससे ज्यादा विकेट लेने में सफल रहे हैं। चहल के नाम 221 विकेट दर्ज हैं और वह लीग के सबसे सफल गेंदबाज भी हैं। वहीं भुवनेश्वर कुमार के नाम 190 मैचों में 198 विकेट हैं और वह इस सूची में दूसरे स्थान पर काबिज हैं। ऐसे में 2 विकेट लेते ही भुवी इस खास क्लब में शामिल होकर एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर सकते हैं।
आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में चहल पहले स्थान पर हैं, जबकि भुवनेश्वर दूसरे नंबर पर मौजूद हैं। इसके बाद सुनील नरेन और पीयूष चावला 192-192 विकेट के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं। रविचंद्रन अश्विन 187 विकेट के साथ इस लिस्ट में पांचवें नंबर पर हैं। इस सूची से साफ है कि भुवनेश्वर कुमार लंबे समय से IPL के सबसे भरोसेमंद गेंदबाजों में शामिल रहे हैं।



