Please assign a menu to the primary menu location under menu

IndiaTrending

एक करोड़ रुपये लूटकर सोचा था बच जाएंगे, पुलिस ने 24 घंटे के अंदर मास्टरमाइंड समेत 4 को दबोचा, जानें कहां हुई चूक

हैदराबाद के कुकटपल्ली में 1 करोड़ रुपये की लूट के मामले का पर्दाफाश हो गया है।
Image Source : REPORTER INPUT

हैदराबाद: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के कुकटपल्ली इलाके में 16-17 मार्च की दरमियानी रात को एक बड़ी लूट की वारदात हुई, जिसमें 2 लोगों से 1 करोड़ रुपये का कैश छीन लिया गया था। हालांकि लुटेरे ज्यादा देर तक खुशी नहीं मना पाए क्योंकि पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर इस केस को सुलझा दिया और मुख्य साजिशकर्ता सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। हवाला से जुड़ी इस घटना में लूटी गई रकम में से 77 लाख 78 हजार रुपये से ज्यादा बरामद कर लिए गए हैं।

काली कमाई की लूट के लिए रची साजिश

हैदराबाद के बहादुरपुरा इलाके के रहने वाले शिकायतकर्ता मोहम्मद अजीमुद्दीन पुत्र कैसर ने बताया कि वह सिद्रा एंटरप्राइजेज में काम करता है। उसका साथी मोहम्मद खुसरुद्दीन भी वहीं काम करता है। कंपनी का मालिक उन्हें 10 रुपये का नोट देकर विभिन्न जगहों से कैश इकट्ठा करने भेजता था, और नोट दिखाने पर लोग पैसे दे देते थे। इकट्ठा की गई रकम को शेख इब्राहिम को सौंपना होता था। खुसरुद्दीन को पता चल गया कि यह कैश काली कमाई का है और कंपनी के मालिक हवाला के अवैध धंधे में लगा है। उसने इसका फायदा उठाने के लिए साजिश रची।

आरोपी ने अपने साथ कई लोगों को मिलाया

करीब 2 महीने पहले उसने ड्राइवर मोहम्मद उमर शरीफ से दोस्ती की और उसे हवाला के पैसों के बारे में बताया। 17 मार्च 2026 को मालिक ने खुसरुद्दीन और अजीमुद्दीन को कुकटपल्ली से 1 करोड़ रुपये इकट्ठा करने के लिए भेजा और 10 रुपये का नोट पहचान के लिए दिए। खुसरुद्दीन ने तुरंत उमर शरीफ को सूचना दी और योजना बनाई कि रास्ते में हमला करके पैसे छीन लिए जाएं। उमर ने अपने साथियों अब्दुल हमीद, मोहम्मद गौस सद्दाम, छोटू, सलमान, गौस, जीशान और जम्मू को भी अपने साथ मिला लिया।

लूट के दौरान आरोपी की स्कूटी छूट गई

 खुसरुद्दीन और अजीमुद्दीन सुजुकी बर्गमैन मोटरसाइकिल से कुकटपल्ली गए, और पैसे लेकर लौट रहे थे। इसी बीच खुसरुद्दीन ने रास्ते की जानकारी उमर को दे दी। 3 मोटरसाइकिलों पर सवार आरोपियों ने दोनों का पीछा किया और पिलर नंबर 836 के पास हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने मिर्च पाउडर फेंका, जिससे खुसरुद्दीन की मोटरसाइकिल संतुलन बिगड़ गया और वह बस से टकरा गया जिससे दोनों गिर पड़े। उमर शरीफ ने अजीमुद्दीन से कैश से भरा बैग लिया। इस बीच सद्दाम को भी मिर्च पाउडर लग गया और वह गिर पड़ा। हालांकि आरोपी किसी तरह भाग गए, लेकिन सद्दाम की होंडा एक्टिवा वहीं छूट गई।

लूट के बाद लखनऊ भागने वाले थे आरोपी

पट्रोलिंग पर तैनात कांस्टेबल वैभव ने घटना देखी और इंस्पेक्टर को सूचना दी। कुकटपल्ली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर FIR दर्ज कर ली। छूटी एक्टिवा की जांच से पता चला कि यह सद्दाम की मां फातिमा के नाम पर है। जांच में यह भी पता चला कि उमर शरीफ, हमीद और सद्दाम फ्लाइट से लखनऊ भागने वाले थे। कुकटपल्ली पुलिस और CCS बालानगर की टीम ने राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, शमशाबाद पहुंचकर उमर शरीफ (32, ड्राइवर, बहादुरपुरा), अब्दुल हमीद (33, ड्राइवर, किशनबाग) और गौस सद्दाम (28, ड्राइवर, मकथा) को पकड़ लिया। वहीं, खुसरुद्दीन (42, AC टेक्नीशियन, चंदूलाल बरादरी, बहादुरपुरा) भी गिरफ्तार हुआ, जो साजिश का मुख्य आरोपी था।

कई आरोपी फरार, पुलिस कर रही है जांच

आरोपियों के पास से 77,39,000 रुपये कैश, 39,195 रुपये के फ्लाइट टिकट, एक होंडा एक्टिवा और 5 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। फिलहाल छोटू, सलमान, गौस, जीशान और जम्मू फरार हैं। लूट के पर्दाफाश के लिए कुकटपल्ली जोन के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस रितिराज IPS के नेतृत्व में और एडिशनल DCP उदय रेड्डी, सुधर्शन, ACP पी. नरेश रेड्डी और अन्य अधिकारियों की देखरेख में स्पेशल टीमें बनाई गई थीं। साइबराबाद पुलिस कमिश्नर ने कुकटपल्ली पुलिस और CCS बालानगर टीम की 24 घंटे में केस सॉल्व करने की तारीफ की है।

hi.quicksamachar@gmail.com

Leave a Reply