Sultanpur News : संतोष सिंह जिलाध्यक्ष तो राहुल तिवारी बने महामंत्री, प्राथमिक शिक्षक संघ को मिला नया नेतृत्व

Sultanpur News : संतोष सिंह जिलाध्यक्ष तो राहुल तिवारी बने महामंत्री, प्राथमिक शिक्षक संघ को मिला नया नेतृत्व
Sultanpur News : संतोष सिंह जिलाध्यक्ष तो राहुल तिवारी बने महामंत्री, प्राथमिक शिक्षक संघ को मिला नया नेतृत्व

सुलतानपुर, अमृत विचार। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की सुलतानपुर जिला इकाई को नई नेतृत्व टीम मिल गई है। प्रदेश नेतृत्व की ओर से जारी आदेश के तहत संतोष कुमार सिंह को जिलाध्यक्ष, राहुल तिवारी को जिला महामंत्री और वेद प्रताप सिंह को जिला कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह ने एक निजी कार्यक्रम में तीनों पदाधिकारियों को मान्यता पत्र सौंपकर उनके दायित्वों की औपचारिक घोषणा की।

राष्ट्रीय नेतृत्व ने जारी की मान्यता

अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशील कुमार पांडेय द्वारा जारी मान्यता के अनुसार, कम्पोजिट विद्यालय कैथापुर बेलडाड़ी के सहायक अध्यापक संतोष कुमार सिंह संगठन के नए जिलाध्यक्ष होंगे। वहीं प्राथमिक विद्यालय घाटमपुर के सहायक अध्यापक राहुल तिवारी को जिला महामंत्री और डीह, बल्दीराय के सहायक अध्यापक वेद प्रताप सिंह को जिला कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

शिक्षक हितों की लड़ाई को और मजबूत करने का आह्वान

प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि संगठन हमेशा शिक्षकों के सम्मान, अधिकारों और शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए संघर्ष करता रहा है। उन्होंने नई टीम से अपेक्षा जताई कि वह संगठन को और अधिक सशक्त बनाएगी तथा शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगी।

नई टीम ने जताई प्रतिबद्धता

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह और जिला महामंत्री राहुल तिवारी ने कहा कि सुलतानपुर की गौरवशाली शिक्षक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए संगठन को नई ऊर्जा दी जाएगी। उन्होंने शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा, संगठन के विस्तार और बेहतर शैक्षिक वातावरण के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का भरोसा दिया।

बड़ी संख्या में शिक्षक रहे मौजूद

कार्यक्रम में एमएलसी प्रतिनिधि डॉ. अजय सिंह, संयुक्त मंत्री अनिल कुमार यादव, संतोष कुमार यादव, अकील अहमद, के.के. सिंह, आवेश विक्रम सिंह, जितेंद्र त्रिपाठी, प्रमेन्द्र विक्रम सिंह, बृजेश मौर्य, संदीप सिंह, अखिलेश वर्मा, अतरसेन यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *