
Image Source : FREEPIK
क्या आप जानते हैं कि गुड़हल का फूल आपकी त्वचा के लिए वरदान साबित हो सकता है? जरूरत है गुड़हल के फूल को सही तरीके से स्किन केयर रूटीन में शामिल करने की और आज हम आपको इसी के बारे में बताएंगे। अब ग्लोइंग स्किन के लिए आपको पार्लर में जाकर महंगे-महंगे ब्यूटी ट्रीटमेंट्स पर पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं है। घर बैठे दमकती हुई त्वचा पाने के लिए आप औषधीय गुणों से भरपूर गुड़हल के फूल के फेस पैक को बनाकर इस्तेमाल कर सकते हैं।
कैसे बनाएं फेस पैक- गुड़हल के फूल का फेस पैक बनाने के लिए सबसे पहले गुड़हल के 4-5 फूलों की पंखुडियों को धो लीजिए। अब इन पंखुडियों को अच्छी तरह से पीस लीजिए। अब एक कटोरी में पिसी हुई गुड़हल की पंखुड़ियां और थोड़ा सा दही या फिर एलोवेरा जेल निकाल लीजिए। आपको इन दोनों केमिकल फ्री चीजों को अच्छी तरह से मिक्स कर लेना है और आपका फेस पैक यूज करने के लिए तैयार है।
यूज करने का तरीका- आपको गुड़हल के फूल के फेस पैक को अपने पूरे चेहरे पर और गर्दन वाले हिस्से पर अच्छी तरह से अप्लाई कर लेना है। बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए लगभग 15 से 20 मिनट तक इस फेस पैक को अपनी त्वचा पर लगाए रखिए। 15-20 मिनट के बाद आप फेस वॉश कर सकते हैं। हालांकि, इस फेस पैक को अपने पूरे चेहरे पर अप्लाई करने से पहले आपको पैच टेस्ट करना नहीं भूलना चाहिए।
त्वचा के लिए फायदेमंद- अगर आप एक हफ्ते में एक से दो बार इस फेस पैक को अपनी त्वचा पर लगाते हैं, तो आपको महज कुछ ही हफ्तों के अंदर खुद-ब-खुद पॉजिटिव असर दिखाई देने लगेगा। त्वचा के निखार को बढ़ाने के लिए इस फेस पैक का इस्तेमाल किया जा सकता है। रूखी और बेजान त्वचा को मुलायम बनाने के लिए भी गुड़हल के फूल के फेस पैक को यूज किया जा सकता है। इस फेस पैक में मौजूद तत्व आपकी त्वचा को लंबे समय तक जवान बनाए रखने में भी कारगर साबित हो सकते हैं।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।



