
आईफोन से भी सस्ता मिल रहा जापान में घर (इमेज- सोशल मीडिया)
दुनिया के कई देशों में घर खरीदना सपना बनकर रह जाता है. कीमतें आसमान छूती हैं और आम आदमी के लिए अपना घर बसाना मुश्किल हो जाता है. लेकिन जापान में एक बिल्कुल उलटी तस्वीर देखने को मिल रही है. यहां लाखों घर सालों से खाली पड़े हैं. इन्हें जापानी भाषा में “अकिया” कहा जाता है. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। अब इन अकिया घरों की बिक्री जोरों पर है और कुछ तो इतने सस्ते हैं कि उनकी कीमत एक अच्छे आईफोन से भी कम बैठ रही है.
लोग कौड़ियों के दाम में ये घर खरीदने के लिए भाग-भाग कर रजिस्ट्री करवा रहे हैं. जापान में अकिया की समस्या पिछले कई वर्षों से चर्चा में है. देश की आबादी तेजी से बुजुर्ग हो रही है और ग्रामीण इलाकों से युवा शहरों की ओर पलायन कर रहे हैं. नतीजा यह हुआ कि गांवों और छोटे कस्बों में लाखों घर खाली पड़ गए हैं. मालिक या तो गुजर चुके हैं या शहर में बस गए हैं और घर की देखभाल नहीं कर पा रहे. ऐसे में इन घरों को औने-पौने दामों में बेचा जा रहा है.
लाखों घर हैं सुनसान
अनुमान के मुताबिक जापान में ऐसे खाली घरों की संख्या कई लाखों में है और आने वाले वर्षों में यह आंकड़ा और बढ़ सकता है. इन घरों की कीमत उनके आकार, लोकेशन और हालत पर निर्भर करती है. कुछ घर पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं तो कुछ में थोड़ी मरम्मत की जरूरत है. दूरदराज के इलाकों में जहां आबादी बहुत कम है वहां कुछ संपत्तियां बेहद कम कीमत पर उपलब्ध हो जाती हैं. सोशल मीडिया और खबरों में दावा किया जा रहा है कि कुछ बंगले या घर आईफोन की कीमत से भी सस्ते में बिक रहे हैं. यही वजह है कि लोग इन घरों को खरीदने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं और रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी करने के लिए आगे बढ़ रहे हैं. भारत सहित दुनिया के कई देशों में लोग इस खबर को पढ़कर हैरान हैं. कई भारतीय यूजर्स सोशल मीडिया पर लिख रहे हैं कि वे जापान शिफ्ट होने के तरीके सर्च कर रहे हैं. सस्ता घर होने का लालच किसी को भी आकर्षित कर सकता है. लेकिन हकीकत सिर्फ कीमत तक सीमित नहीं है. इन घरों को खरीदने के बाद कई चुनौतियां भी आती है.
कई को मरम्मत की जरुरत
सालों से खाली पड़े इन घरों में सबसे बड़ी चुनौती मरम्मत की है. कई अकिया घर लंबे समय से बंद पड़े होने के कारण क्षतिग्रस्त हो चुके हैं. छत लीक करती है, दीवारें कमजोर हो जाती हैं, पाइपलाइन और बिजली के तार पुराने पड़ जाते हैं. मरम्मत का खर्च कभी-कभी घर की कीमत से भी ज्यादा बैठ सकता है. इसके अलावा ग्रामीण इलाकों में नौकरी, स्वास्थ्य सुविधाएं, स्कूल और परिवहन के विकल्प सीमित होते हैं. युवा पीढ़ी के लिए शहरों की सुविधाएं छोड़कर गांव में बसना आसान नहीं होता.
जापानी सरकार और स्थानीय प्रशासन अकिया समस्या से निपटने के लिए कई कदम उठा रहे हैं. कुछ जगहों पर खाली घरों को सस्ते में या कभी-कभी मुफ्त में देने की योजनाएं चलाई जाती हैं बशर्ते खरीदार वहां रहें और घर को ठीक रखें. कुछ स्थानीय निकाय विदेशी खरीदारों को भी आकर्षित करने की कोशिश कर रहे हैं ताकि आबादी बढ़े और इलाका फिर से जीवंत हो जाए. फिर भी प्रक्रिया आसान नहीं है. कानूनी कागजी कार्रवाई, टैक्स और स्थानीय नियमों का पालन करना जरूरी होता है. सोशल मीडिया पर इस विषय ने खासी चर्चा पैदा कर दी है।. कुछ लोग इसे सुनहरा मौका बता रहे हैं तो कुछ चेतावनी दे रहे हैं कि सिर्फ सस्ता होने के चक्कर में फैसला ना करें.