
Dhurandhar 2 Canada Screening: रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी जबरदस्त धमाल मचा रही है। खासकर कनाडा में फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने सभी को हैरान कर दिया। दरअसल, वहां के थिएटर में पहली बार इंटरवल रखा गया, जिसे दर्शकों ने खूब एंजॉय किया।
आमतौर पर कनाडा के सिनेमाघरों में फिल्मों के दौरान इंटरवल नहीं होता, लेकिन लगभग चार घंटे लंबी इस फिल्म को देखते हुए थिएटर चेन ने 15 मिनट का ब्रेक रखने का फैसला लिया। यह अनुभव वहां के दर्शकों के लिए बिल्कुल नया था। इंटरवल मिलते ही लोग अपनी सीटों से उठकर बाहर आए, बातचीत की और इस छोटे से ब्रेक का आनंद लिया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस अनोखे अनुभव का वीडियो पर तेजी से वायरल हो रहा है। एक इंस्टाग्राम यूजर ने इस पल को कैद करते हुए शेयर किया, जिसमें दर्शक इंटरवल के दौरान हंसते-बतियाते और खुश नजर आ रहे हैं। वीडियो के कैप्शन में लिखा गया कि 20 साल में पहली बार कनाडा के थिएटर में इंटरवल देखने को मिला है। वीडियो पर लोगों ने जमकर प्रतिक्रिया दी।
धुरंधर 2 का स्टार कास्ट
कई यूजर्स ने कहा कि इंटरवल भारतीय सिनेमा की खास पहचान है, जहां दर्शक कहानी के बीच में थोड़ा ठहरकर उसे महसूस कर सकते हैं। कुछ लोगों ने यह भी याद दिलाया कि पहले 90 और 2000 के दशक में विदेशों में भी बॉलीवुड फिल्मों में इंटरवल हुआ करता था। फिल्म में आर माधवन, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और राकेश बेदी जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।
बॉक्स ऑफिस पर भी बना रही रिकॉर्ड
19 मार्च को रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले ही दिन 100 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर इतिहास रच दिया। न सिर्फ भारत में बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी शानदार प्रदर्शन कर रही है। कनाडा में इंटरवल का यह ट्रेंड फिल्म की लोकप्रियता को और भी खास बना रहा है। फिल्म की दमदार कहानी और सभी कलाकारों की शानदार एक्टिंग ने दर्शकों का दिल जीत लिया है।
धुरंधर 2 का कलेक्शन
धुरंधर 2 ने पेड प्रीव्यू में 43 करोड़ जोड़कर अपनी ताकत दिखा दी और साल 2026 की सबसे बड़ी ओपनर बन गई। फिल्म ने पहले ही दिन 100 करोड़ के आसपास की कमाई कर इतिहास रच दिया। दूसरे दिन ‘धुरंधर 2’ ने करीब 78.94 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इस तरह फिल्म का कुल नेट कलेक्शन दो दिनों में 200 करोड़ के करीब पहुंच गया, जबकि वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 300 करोड़ के पार चला गया।



