
बरेली, अमृत विचार। राज्यव्यापी प्लांटेंशन अभियान के क्रम में रविवार को वन एवं वन्यजीव प्रभाग की ओर से पौधारोपण महायज्ञ2026 कार्यक्रम आयोजित कर 35 लाख से अधिक में पौधे रोपे गए। कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह की अगुवाई में सभी प्रमुख विभागों के अफसर एवं जनप्रतिनिधियों के साथ भारी तादाद में लोगों मौजूदगी के बीच सबने ग्रीन बरेली बनाने का संकल्प उठाया। महानगर से कस्बाई और देहात क्षेत्र तक सरकारी विभाग, निजी संगठन, स्कूल, कॉलेज, स्वयंसेवी एवं समाजिक संस्थाएं, विकास प्राधिकरण, आईटीबीपी में वृहद स्तर पर पौधरोध की खबर है। नोडल अधिकारी प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास एवं ग्रामीण अभियंत्रण सौरभ बाबू ने बिथरी की ग्राम पंचायत अधलखिया एवं नदी किनारे अमृत सरोवर, भुता के ग्राम बरुआ हुसैनपुर व फरीदपुर के ग्राम केसरपुर मियावाकी विधि से वृक्षारोपण किया।
बड़ा बाईपास पर इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी के पास आयोजित हुए मुख्य कार्यक्रम के मुख्य अतिधि पशुपाल एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने ‘एक पौध मां के नाम’ रोपे जाने के साथ कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम ही नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के सुरक्षित एवं समृद्ध भविष्य की आधारशिला हैं। उन्होंने नागरिकों से अधिकाधिक पौधे लगाने एवं के संरक्षण की अपील की। डीएम अविनाश सिंह एवं मुख्य वन संरक्षक रुहेलखंड जोन पी.पी. सिंह के साथ मेयर डॉ. उमेश गौतम, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, बहोरन लाल मौर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधायक संजीव अग्रवाल ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। प्रभागीय वनाधिकारी दीक्षा भंडारी बोलीं कि पौधारोपण तभी सफल होगा, जब लोग पौधों की नियमित देखभाल भी करेंगे।
कार्यक्रम में बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर वन विभाग और डब्ल्यूडब्ल्यूएफ की प्रदर्शनी जैव विविधता संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, वन्यजीव संरक्षण एवं हस्तशिल्प का संदेश दिया गया। मंत्रोच्चार के साथ महायज्ञ से पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया। डीएम ने सभी का आभार जताते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। वृक्षारोपण के साथ पौधों का संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। इस मौके पर नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, एसपी सिटी मानुष पारीक, एडीएम ई पूर्णिमा सिंह, आईटीबीपी के कमांडेंट एस. झा, जूनियर लीडर अकादमी के सूबेदार अवतार चौहान, जिला सूचना अधिकारी नीतू कन्नौजिया सहित विभागीय अफसर एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बरेली में अब तक रोपे जा रहे रिकार्ड 43 लाख से अधिक पौधे
बरेली। डीएफओ दीक्षा भंडारी के अनुसार, जनपद में 35 लाख 78 हजार पौधों के तय लक्ष्य को पीछे छोड़ते हुए रिकॉर्ड 35 लाख 81 हजार 415 पौधे रोपे गए। गत 5 जून को हुए पौधरोपण को भी आज के गणित में जोड़ दें तो बरेली में पौधरोपण का हिसाब 43,61,415 जा पहुंचा है, जो एक नया रिकॉर्ड है।