
How To Choose Sweet Watermelon: सूरज की तपिश बढ़ते ही बाजार में तरबूजों की बहार आ जाती है। लेकिन अक्सर ऊपर से हरा दिखने वाला तरबूज अंदर से सफेद या फीका निकल जाता है। अगर आप भी इस बात से परेशान रहते हैं तो ये खास ट्रिक्स आपके बड़े काम आने वाली हैं।
गर्मियों के मौसम में शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए तरबूज से बेहतर कुछ नहीं है। इसमें लगभग 92% पानी होता है जो चिलचिलाती धूप में ठंडक पहुंचाता है। लेकिन समस्या तब आती है जब हम बाजार से महंगा तरबूज घर लाते हैं और वह अंदर से कच्चा या फीका निकलता है। अक्सर लोग लगवाकर चेक करते हैं लेकिन यह तरीका हमेशा सुरक्षित नहीं होता क्योंकि इससे फल जल्दी खराब हो सकता है।
पीले धब्बे की पहचान
तरबूज खरीदते समय उसके नीचे की तरफ एक धब्बा जरूर देखें। इसे ‘फील्ड स्पॉट’ कहा जाता है। अगर यह धब्बा गहरा पीला या नारंगी (Creamy Yellow) है, तो इसका मतलब है कि तरबूज बेल पर पूरी तरह पक चुका है और वह मीठा होगा। यदि यह धब्बा सफेद या हल्का हरा है, तो समझ लीजिए कि उसे वक्त से पहले तोड़ लिया गया है।
आवाज सुनें
तरबूज को अपने हाथ से हल्का थपथपाएं या ठोकें। अगर आवाज खोखली या भारी गूंज वाली आती है, तो इसका मतलब है कि फल पूरी तरह से पका हुआ और पानी से भरपूर है। अगर आवाज दबी हुई या ठोस आती है तो वह कच्चा हो सकता है।
वजन का अंदाजा लगाएं
एक ही आकार के दो तरबूज उठाएं। जो तरबूज अपने साइज के हिसाब से ज्यादा भारी महसूस हो, उसे ही खरीदें। का मतलब है कि उसमें रस की मात्रा अधिक है और वह रसीला है।
तरबूज (सौ. फ्रीपिक)
रंग और बनावट
हमेशा गहरे हरे और मैट फिनिश वाले तरबूज चुनें। बहुत ज्यादा चमकने वाले तरबूज अक्सर कच्चे होते हैं। साथ ही तरबूज पर दिखने वाली भूरी जाली यह संकेत देती है कि मधुमक्खियों ने इसके फूल को कई बार छुआ है जिसका मतलब है कि फल बहुत मीठा है।
डंठल को चेक करें
तरबूज का डंठल अगर सूखा और भूरा है तो फल पक चुका है। यदि डंठल अभी भी हरा है, तो इसका मतलब है कि उसे कच्चा ही काट लिया गया है।
इन आसान ट्रिक्स को अपनाकर आप हर बार बाजार से सबसे बेहतरीन तरबूज चुनकर ला पाएंगे। गर्मी में इस फल को खाना आपके शरीर में पानी की कमी को पूरा करेगा।



