
Image Source : FREEPIK
जब भी आप शरीर को डिटॉक्स करने की बात करते हैं या गर्मी के भयंकर प्रकोप से बचने की कोशिश करते हैं तो नींबू और पुदीना का कॉम्बिनेशन लिस्ट में सबसे ऊपर आता है। नींबू में पर्याप्त रूप से विटामिन सी पाया जाता है और पुदीना प्राकृतिक रूप से ठंडक प्रदान करने में मदद करता है। इसलिए गर्मी के मौसम में खासतौर से इसका इस्तेमाल बढ़ जाता है। आयुर्वेदिक डॉक्टर चंचल शर्मा (डायरेक्टर और स्त्री रोग विशेषज्ञ, आशा आयुर्वेदा) से जानते हैं नींबू और पुदीना के इस बेहतरीन कॉम्बिनेशन के क्या फायदे हैं।
नींबू पुदीना साथ खाने के फायदे
पाचन तंत्र को मजबूत करता है- नींबू आपके शरीर में जाकर पाचन रस को सक्रिय करता है जिससे खानी जल्दी पच जाता है वहीं पुदीना में ऐसे तत्व पाए जाते हैं जो अपच, एसिडिटी या पेट की किसी भी समस्या में फायदेमंद होते हैं। इन दोनों के कॉम्बिनेशन से बहुत फायदे हो सकते हैं इसलिए एक्सपर्ट ये सलाह देते हैं कि पाचन को बेहतर बनाने के लिए नियमित रूप से सुबह खाली पेट में गुनगुने पानी में थोड़ा नींबू का रस और पुदीना मिलाकर फिर इसका सेवन करें।
शरीर को डिटॉक्स करता है- आजकल हमारी जीवनशैली जिस तरह की होती जा रही है ऐसे में शरीर में विषाक्त पदार्थों का जमा हो जाना बहुत सामान्य सी बात है। जब आप नींबू और पुदीना के बेजोड़ कॉम्बिनेशन का सेवन करते हैं तो यह आपके शरीर को अंदर से साफ करता है। इससे आपका लिवर भी बेहतर रूप से कार्य करने लगता है और शरीर में मौजूद सभी हानिकारक तत्व बाहर निकल जाते हैं जिसे डिटॉक्सीफिकेशन कहते हैं और आयुर्वेद में इसे स्वास्थ्य के लिए बहुत उपयोगी बताया गया है।
वजन कम करने में सहायक- जिनका वजन ज्यादा है और वह इसे कम करना चाहते हैं तो नींबू और पुदीना का बेहतरीन कॉम्बिनेशन उसके लिए बहुत फायदेमंद है। इसके सेवन से आपका मेटाबॉलिज़्म तेज होता है जिससे शरीर में फैट नहीं जमा होता है। इसके सेवन से ज्यादा भूख नहीं लगती है और आपको वजन कम करने में मदद मिलती है।
स्किन को ग्लोइंग बनाता है- नींबू में विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट्स जैसे तत्व मौजूद होते हैं जिससे आपकी त्वचा अपेक्षाकृत अधिक साफ़ हो जाती है और ग्लो करने लगती है। पुदीना में मौजूद तत्व आपकी स्किन को प्राकृतिक रूप से ठंडक प्रदान करते हैं और कील मुहांसों को ठीक करता है।
इम्यूनिटी को मजबूत करता है- नींबू और पुदीना में ऐसे तत्व पाए जाते हैं जिससे आपकी इम्युनिटी बूस्ट होती है। विटामिन C के कारण यह सर्दी-जुकाम से आपको सुरक्षा प्रदान करता है। वहीं पुदीना आपके शरीर को ठंडा रखता है और रोगों से लड़ने में मदद करता है।
शरीर को ठंडक और ताजगी देता है- गर्मियों में अक्सर शरीर में पानी की कमी हो जाती है और ऐसे में जब आप नींबू-पुदीना का पानी पीते हैं तो शरीर ठंडा हो जाता है और डिहाइड्रेशन की समस्या भी दूर हो जाती है।
सांसों की दुर्गंध दूर करता है- पुदीना के सेवन से आपको ताजगी महसूस होती है और इसका प्रयोग आप नैचुरल माउथ फ्रेशनर की तरह कर सकते हैं। इससे सांसों की दुर्गंध समाप्त हो जाती है और आपकी सांसे एकदम ताजा हो जाती है।
नींबू पुदीना साथ कैसे खाएं
नींबू और पुदीना साथ में लेने का बेस्ट तरीका है कि आप 1 गिलास पानी में आधा नींबू का रस निकालकर डाल दें। उसमें थोड़े पुदीना के पत्ते क्रश करके डाल दें। अब दोनों चीजों को मिक्स करके पी लें। आप चाहें तो नींबू और पुदीना को सलाद में डालकर या चटनी में डालकर भी खा सकते हैं। इसे खाते ही पेट को ठंडक मिलेगी।



