Hrdoi News: प्रेमिका के घरवालों की धमकियों से डरा युवक, फंदा लगाकर दी जान, शादी के बाद भी युवती बना रही थी यह दबाव

Hrdoi News: प्रेमिका के घरवालों की धमकियों से डरा युवक, फंदा लगाकर दी जान, शादी के बाद भी युवती बना रही थी यह दबाव
Hrdoi News: प्रेमिका के घरवालों की धमकियों से डरा युवक, फंदा लगाकर दी जान, शादी के बाद भी युवती बना रही थी यह दबाव

हरदोई, अमृत विचार। हरदोई जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र के कौढ़ा गांव में सोमवार सुबह एक युवक का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान 18 वर्षीय आशीष पुत्र रघुनाथ के रूप में हुई है। वह नोएडा की एक एक्सपोर्ट कंपनी में नौकरी करता था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।

शादी के बाद भी प्रेमिका बना रही थी साथ चलने का दबाव

मृतक के बड़े भाई अंकित ने बताया कि आशीष का गांव की एक युवती से प्रेमप्रसंग था। 27 जून को युवती की शादी हो गई थी, लेकिन इसके बाद भी वह रोजाना आशीष से मोबाइल पर बात करती थी और उसे अपने साथ कहीं दूर चलने का दबाव बना रही थी। परिजनों का आरोप है कि युवती के परिजन पहले भी आशीष के साथ मारपीट कर चुके थे और लगातार धमकियां देते थे। इन घटनाओं के चलते वह काफी तनाव में रहने लगा था।

गांव लौटने के बाद तनाव में दिख रहा था युवक

परिजनों के अनुसार, आशीष 7 जुलाई को नोएडा से गांव लौटा था। वह कंपनी से कुछ रुपये लेकर आया था, जिसमें से कुछ पैसे उसने अपनी मां रामरती को भी दिए थे। बड़े भाई अंकित ने बताया कि रविवार को आशीष काफी परेशान और गुमसुम दिखाई दे रहा था। वह देर रात तक जागता रहा, जबकि करीब डेढ़ बजे के बाद अंकित सो गया। सोमवार सुबह छोटी बहन सारिका उसे जगाने के लिए कमरे में पहुंची तो उसने आशीष का शव दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका देखा। यह दृश्य देखते ही वह चीख पड़ी, जिसकी आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए।

मोबाइल कब्जे में लेकर जांच में जुटी पुलिस

परिजनों ने किसी तरह कमरे का दरवाजा खोलकर आशीष के शव को नीचे उतारा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बड़े भाई अंकित ने पुलिस को बताया कि प्रेमप्रसंग को लेकर उसके भाई को लगातार धमकियां मिल रही थीं, जिससे वह मानसिक तनाव में था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही मृतक का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया है। अब मोबाइल की कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *