
Image Source : FREEPIK
जब भी बात साउथ इंडियन डिशेज की होती है तो हमारे दिमाग में सबसे पहला ख्याल इडली, डोसा और उसके साथ परोसा जाने वाले सांभर का आता है। सांभर का असली स्वाद उसके मसालों में छिपा होता है। घर पर बने सांभर में बाजार वाला स्वाद नहीं मिल पाता, ऐसे में कई लोग बाजार जैसा मसाला तैयार करने के बारे में जानना चाहते हैं। अगर आप भी घर पर बाजार जैसा सांभर मसाला तैयार करना चाहते हैं तो यहां हम आपको सांभर मसाला बनाने के तरीके के बारे में बताने जा रहे हैं। यहां से फटाफट नोट कर लें रेसिपी।
सामग्री
- साबुत धनिया -1/2 कप
- सूखी लाल मिर्च – 10-12
- चना दाल – 2 बड़े चम्मच
- उड़द दाल – 1 बड़ा चम्मच
- मेथी दाना – 1 छोटा चम्मच
- जीरा – 1 बड़ा चम्मच
- काली मिर्च – 1 छोटा चम्मच
- करी पत्ता – 15-20 (सूखे हुए या ताजे)
- हल्दी पाउडर- 1/2 छोटा चम्मच
- हींग – 1/4 छोटा चम्मच
मसाला तैयार करने का तरीका
भूनना शुरू करें: एक भारी तले वाली कड़ाही को धीमी आंच पर गर्म करें। सबसे पहले चना दाल और उड़द दाल डालें और हल्का सुनहरा होने तक भूनें।
मसाले डालें: अब इसमें साबुत धनिया, जीरा, मेथी दाना और काली मिर्च डालकर 2-3 मिनट तक भूनें जब तक कि मसालों से अच्छी खुशबू न आने लगे।
मिर्च और करी पत्ता: अब सूखी लाल मिर्च और करी पत्ता डालें। इन्हें तब तक भूनें जब तक मिर्च कुरकुरी न हो जाए।
ठंडा करें: गैस बंद कर दें और इसमें हल्दी और हींग मिला दें। अब इन सभी मसालों को एक प्लेट में निकाल कर पूरी तरह ठंडा होने दें।
पीसना: जब मसाले ठंडे हो जाएं, तो इन्हें मिक्सर में डालकर बारीक पाउडर बना लें। बाजार जैसा सांभर मसाला बनकर तैयार है।



