
मध्य प्रदेश के रीवा में एक होटल के अंदर उस समय हाई-वोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया, जब सीधी से पीछा करते हुए आई एक पत्नी ने अपने पति को दूसरी लड़की के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया. इसके बाद महिला का गुस्सा इस कदर भड़का कि उसने पहले तो कमरे के अंदर ही पति की जमकर धुनाई की, फिर उसका कॉलर पकड़कर सड़क पर घसीटते हुए थाने ले गई. इस दौरान कमरे में मौजूद दूसरी लड़की भी हैरान रह गई, जिससे युवक ने खुद को कुंवारा बताकर मंदिर में शादी की थी.
दरअसल, इस पूरे मामले की शुरुआत सीधी से हुई. युवक एक युवती को लेकर जिले से रवाना हुआ, इसकी भनक उसकी पत्नी को लग गई. उसने पति का पीछा करना शुरू किया और 70 किलोमीटर की दूरी तय कर रीवा आ गई. यहां उसका पति समान थाना इलाके में स्थित एक होटल में युवती के साथ पहुंचा. कुछ देर बाद उसकी पत्नी भी पहुंच गई. महिला ने कमरा खुलवाया और फिर गालियां देते हुए पति पर टूट पड़ी. जमकर धुनाई करने के बाद भी पत्नी का गुस्सा शांत नहीं हुआ. गुस्से से तमतमाई पत्नी पति का कॉलर पकड़कर होटल के नीचे लाई और सड़क पर घसीटते हुए उसे थाने लेकर पहुंची.
एक साल पहले हुई थी कोर्ट मैरिज, मोबाइल बदलकर भागा था पति
पीड़ित महिला ने बताया कि उसने 3 जुलाई 2025 को युवक के साथ कोर्ट मैरिज की थी. महिला ने बताया कि युवके साथ उसकी दूसरी शादी है, पहले पति से उसका एक बेटा भी है. शादी के कुछ दिन बाद ही पति बिना बताए अचानक लापता हो गया. उसने अपना मोबाइल नंबर भी बदल लिया. महिला को उस पर शक हुआ तो उसने अपने पति के बारे में जानकारी जुटाना शुरू किया. इस दौरान उसे पता चला कि उसका पति कई लड़कियों से बात करता है और उनके साथ उसके संबंध हैं.
इंस्टाग्राम पर प्यार और मंदिर में शादी का झांसा
पत्नी के हत्थे चढ़ने के बाद युवक बस यही कहता रहा कि वह गलती से फंस गया है. वहीं होटल के कमरे में युवक के साथ पकड़ी गई युवती का कहना था कि युवक से उसकी पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी. युवक ने खुद को कुंवारा बताया था और शादी करने की बात कही थी. युवक ने मंदिर में ले जाकर उसकी मांग भरकर शादी की है. हंगामे के दौरान वह युवती भी युवक से बार-बार पूछ रही थी कि “आखिर यह महिला कौन है. हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद यह मामला पुलिस के पास पहुंचा. पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है.