
R Madhavan Scene Controversy: फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ रिलीज के बाद से ही लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन के साथ-साथ फिल्म अपने कंटेंट और स्टार्स के कारण भी चर्चा का विषय बनी हुई है। इसी बीच परेश रावल का एक मजेदार ट्वीट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने फैंस का ध्यान खींच लिया है।
परेश रावल का मजेदार अंदाज
दरअसल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक यूजर ने उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक में परेश रावल के किरदार की तारीफ करते हुए लिखा कि उन्हें उनका रोल बेहद पसंद आया, बस फर्क इतना था कि फिल्म में उन्हें सिगरेट पीते नहीं दिखाया गया। इस पर परेश रावल ने उसी पोस्ट को शेयर करते हुए मजाकिया अंदाज में जवाब दिया“सिगरेट तो नहीं पी, लेकिन फोन जरूर तोड़े।”
उनका यह जवाब देखते ही देखते वायरल हो गया और फैंस ने उनके सेंस ऑफ ह्यूमर की जमकर तारीफ की। कई यूजर्स ने उनके अभिनय को सराहा, तो कुछ ने उनके पुराने किरदारों को याद किया। हालांकि, कुछ लोगों ने तुलना करते हुए कहा कि ‘धुरंधर’ में आर माधवन का प्रदर्शन ज्यादा दमदार रहा है।
आर माधवन के सीन पर छिड़ा विवाद
वहीं दूसरी ओर, आर माधवन को फिल्म के एक सीन को लेकर विवाद का सामना करना पड़ा है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने आरोप लगाया कि एक सीन में वह सिगरेट पीते हुए गुरबानी बोलते नजर आए, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं। इस मुद्दे ने धीरे-धीरे तूल पकड़ लिया और ऑनलाइन बहस शुरू हो गई।
एक्टर ने यूं दी सफाई
इस विवाद पर आर माधवन ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक वीडियो शेयर कर बताया कि सीन की शूटिंग के दौरान इस बात का पूरा ध्यान रखा गया था कि कोई भी धार्मिक भावना आहत न हो। उनके अनुसार, निर्देशक आदित्य धर ने सीन को बेहद संवेदनशीलता के साथ फिल्माया और डायलॉग बोलने से पहले ही सिगरेट बुझा दी गई थी।
फैंस का मिला-जुला रिएक्शन
माधवन की सफाई के बाद कई फैंस उनके समर्थन में उतर आए और उनके अभिनय की तारीफ की। वहीं कुछ लोग अब भी इस मुद्दे पर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। फिलहाल, ‘धुरंधर: द रिवेंज’ जहां बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड बना रही है, वहीं इससे जुड़े ये विवाद और वायरल मोमेंट्स फिल्म को और ज्यादा चर्चा में बनाए हुए हैं।



