
कार्यालय संवाददाता, लखनऊ, अमृत विचार: चिनहट में सोमवार दोपहर रामा डिग्री काॅलेज रोड स्थित एल्डिको के पास मेधा सोलर कंपनी के कार्यालय में घुसे एक अज्ञात युवक ने कर्मचारियों पर एसिड फेंक दिया। घटना में चार लोग झुलस गए। सभी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिनहट ले जाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक, कार्यालय संचालक अयोध्या निवासी ऋषभ सिंह अपने कार्यालय में कर्मचारी प्रियंका मिश्रा, जौनपुर व गुरुग्राम से आए शुभम पांडे और ऋषभ पांडे के साथ बैठक कर रहे थे। इसी दौरान मुंह बांधे एक युवक कार्यालय में पहुंचा। उसके हाथ में प्लास्टिक के मग में एसिड भरा था। अचानक से चारों के ऊपर फेंक दिया। इसके बाद आरोपी वहां से भाग गया। शुरुआत में पीड़ितों को लगा कि किसी ने रंग फेंका है, लेकिन कुछ देर बाद शरीर में तेज जलन शुरू हो गई। इसके बाद सभी लोग तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिनहट पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस के मुताबिक जांच में सामने आया कि जो ज्वलनशील पदार्थ फेंका गया है, वह बैट्री में प्रयोग किया जाने वाला तेजाब था। सीधे दीवार पर जा गिरा। चारों के शरीर पर छींटे पड़े हैं। सभी का इलाज चल रहा है। खतरे से बाहर हैं। इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक, तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।