
कार्यालय संवाददाता, लखनऊ, अमृत विचार: चौक स्थित चरक चौकी के सामने मेडिकल स्टोर के बरामदे में मजदूर मातापिता के बीच में सो रही डेढ़ वर्ष की बेटी को अंजान लोगों ने अगवा कर लिया। देर रात परिजन की आंख खुली तो बच्ची गायब थी। अनहोनी की आशंका में पुलिस व परिवार ने बच्ची की खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं चला। पीड़ित पिता ने चौक कोतवाली में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करायी है।
मूल रूप से बाराबंकी रामनगर फतेहपुर स्थित सरदारगंज निवासी छप्पू मजदूरी करता है। वह पत्नी और बच्चों के साथ चौक स्थित चरक पुलिस चौकी के सामने नेशनल मेडिकल स्टोर के बरामदे में सो जाते थे। रविवार दोपहर मजदूरी करने के बाद रात में दंपति बच्चों के साथ बरामदे में सो रहे थे। छप्पू ने बताया कि देर रात करीब ढाई बजे जब उसकी आंख खुली तो देखा कि पत्नी और उसके बीच में सो रही डेढ़ साल की बच्ची सबको वहां नहीं थी। छप्पू ने पत्नी को उठाया। परेशान परिजन ने आसपास खोजबीन की लेकिन मासूम का कुछ पता नहीं चला।
परेशान छप्पू ने डॉयल112 पर सूचना दी। जानकारी मिलते ही चौक कोतवाली मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिवार के साथ आसपास बच्ची की तलाश की। लेकिन कुछ भी पता नहीं चला। पिता का आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी बेटी को अगवा किया है। पुलिस ने छप्पू की तहरीर पर अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। चौक इंस्पेक्टर नागेश उपाध्याय का कहना है कि घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।