
कार्यालय संवाददाता, लखनऊ, अमृत विचार: नौकरी के लिए नॉकरी डॉट कॉम पर आवेदन करना एक युवक पर भारी पड़ गया। जालसाज ने यूएस की ग्लोबल मैनेजमेंट कंपनी का प्रतिनिधि बनकर युवक को फंसाया। इंटरव्यू के बाद ऑफर लेटर भेजकर जालसाज ने बांड एग्रीमेंट, वैरिफिकेशन समेत तमाम मदों के नाम पर 4.33 लाख रुपये ऐंठ लिए। ज्वाइनिंग न होने पर पीड़ित ने छानबीन की तो ठगी का पता चला। पीड़ित ने जानकीपुरम थाने में रिपोर्ट दर्ज करायी है।
जानकीपुरम के जानकीपुरम गार्डेन स्थित सेक्टरजे निवासी गौरव भटनागर ने बताया कि नौकरी के लिए नौकरी डॉट कॉम पर आवेदन किया था। इसी दौरान 18 जून को उनके पास सिंगापुर के नंबर से एक कॉल आयी। जालसाज ने यूएस की ग्लोबल मैनेजमेंट कंपनी मैकिन्से में नौकरी की बात बतायी। कहा कि कंपनी के देशविदेश में कई कार्यालय हैं। नौकरी से पहले इंटरव्यू होगा। हामी होने पर जालसाज ने दो चरणों में इंटरव्यू लिया। इंटरव्यू पूरा होने के बाद उनके मेल पर ऑफर लेटर भेजा गया। जिसमें कंपनी का लोगो, ब्रांडिंग व अन्य जानकारी थी। इसके बाद जालसाज ने दस्तावेज सत्यापन, मेडिकल परीक्षण, बांड एग्रीमेंट, आईटी उपकरण, प्रोसेसिंग शुल्क व अन्य औपचारिकताओं के नाम पर 19 जून से 7 जुलाई के बीच कई बार में 4,33,150 रुपये ट्रांसफर करा लिए।
गौरव ने बताया कि भुगतान के बाद भी न तो ज्वाइनिंग करायी गयी और न ही कोई वैध दस्तावेज उपलब्ध कराए गए। कई बार संपर्क करने पर आरोपियों ने टालमटोल की। पीड़ित ने व्हाट्सएप, मेल पर कई बार सूचना दी लेकिन कोई जवाब नहीं मिले। सभी नंबर स्वीच ऑफ मिले। धोखाधड़ी का एहसास होने पर पीड़ित गौरव ने मामले की शिकायत जानकीपुरम थाने में की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि साइबर क्राइम सेल की मदद से जांच की जा रही है।