‘मेरी शादी की टेंशन मत लीजिए…’ कानपुर के हॉस्टल में फंदे पर लटकी मिली पॉलीटेक्निक छात्रा की लाश, रुला देगी डायरी में लिखीं बातें

‘मेरी शादी की टेंशन मत लीजिए…’ कानपुर के हॉस्टल में फंदे पर लटकी मिली पॉलीटेक्निक छात्रा की लाश, रुला देगी डायरी में लिखीं बातें

Kanpur Suicide Case: कानपुर के गीता नगर के एक गर्ल्स हॉस्टल में मंगलवार देर रात 19 साल की पॉलीटेक्निक छात्रा का शव फंदे से लटका मिला. सूचना मिलते ही काकादेव थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. कमरे की तलाशी के दौरान एक डायरी बरामद हुई, जिसमें छात्रा की ओर से लिखा गया एक कथित भावुक नोट मिला है. पुलिस ने इसे जांच के लिए कब्जे में लेकर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है.

‘मेरी शादी की टेंशन मत लीजिए…’ कानपुर के हॉस्टल में फंदे पर लटकी मिली पॉलीटेक्निक छात्रा की लाश, रुला देगी डायरी में लिखीं बातें

पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान घाटमपुर के जवाहर नगर निवासी पूर्वा सचान के रूप में हुई है. उसके पिता राम सिंघासन सचान ट्रक चालक हैं. परिजनों ने बताया कि पूर्वा पॉलीटेक्निक की छात्रा थी और पढ़ाई के लिए 28 जून को गीता नगर स्थित शुभी गर्ल्स हॉस्टल में रहने आई थी. वह हॉस्टल की दूसरी मंजिल पर बने एक कमरे में अकेली रहती थी. परिवार के अनुसार वह नियमित रूप से घरवालों से फोन पर बात करती थी और पढ़ाई में व्यस्त रहती थी.

फोन नहीं उठाने पर हुआ शक

मंगलवार देर रात पूर्वा का मोबाइल फोन लगातार बजता रहा, लेकिन उसने किसी भी कॉल का जवाब नहीं दिया. काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर पास के कमरों में रहने वाली छात्राओं को चिंता हुई. उन्होंने हॉस्टल संचालक की पत्नी को इसकी जानकारी दी. जब कमरे का दरवाजा खटखटाने पर भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो दरवाजे की दरार से झांककर देखा गया. अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए. छात्रा दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकी हुई थी. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.

डायरी में मिला भावुक संदेश

सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे का दरवाजा खुलवाया और छात्रा के शव को नीचे उतारा. फोरेंसिक टीम ने कमरे की बारीकी से जांच की. जांच के दौरान एक डायरी बरामद हुई, जिसके एक पन्ने पर छात्रा का कथित सुसाइड नोट लिखा मिला. पुलिस के अनुसार नोट में छात्रा ने अपने परिवार से उसकी शादी की चिंता नहीं करने की बात लिखी है. साथ ही उसने यह भी जिक्र किया कि अब पैसों की परेशानी नहीं होगी. नोट के अंत में उसने अपनी जिंदगी समाप्त करने की बात लिखी थी. पुलिस ने डायरी सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद होगा खुलासा

घटना की सूचना मिलते ही परिजन देर रात घाटमपुर से कानपुर पहुंचे. बेटी का शव देखकर परिवार का रोरोकर बुरा हाल हो गया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. एडीसीपी सेंट्रल डॉ. अर्चना सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है. हालांकि छात्रा ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस परिजनों, हॉस्टल संचालक और अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *