
Desi Fridge Summer Hacks : गर्मियों के मौसम में ठंडा पानी हर किसी की जरूरत बन जाता है और इसके लिए ज्यादातर लोग फ्रिज पर निर्भर रहते हैं। लेकिन अब एक ऐसा देसी जुगाड़ सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें घड़ा को ही ‘देसी फ्रिज’ में बदला जा सकता है।
यह तरीका न सिर्फ सस्ता है, बल्कि बिना बिजली के भी पानी को ठंडा रखने में मदद करता है। इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए इस वीडियो को करोड़ों लोग देख चुके हैं और यह तेजी से वायरल हो रहा है।
View this post on Instagram
महिला ने बनाया बिना बिजली का देसी फ्रिज
वीडियो में दिखाया गया है कि इस देसी फ्रिज को बनाने के लिए एक घड़ा और रस्सी की जरूरत होती है। सबसे पहले रस्सी को घड़े के चारों ओर अच्छी तरह लपेटा जाता है। इसके बाद घड़े में पानी भरकर उसे कुछ घंटों के लिए ऐसे ही छोड़ दिया जाता है।
इस दौरान घड़े के ऊपर से बार-बार पानी डाला जाता है, जिससे रस्सी और घड़े की बाहरी सतह गीली बनी रहती है। कुछ समय बाद घड़े के अंदर का पानी काफी ठंडा हो जाता है, जो गर्मी में राहत देता है।
यूजर्स ने की इस देसी जुगाड़ की तारीफ
दरअसल, इसके पीछे एक वैज्ञानिक कारण भी है। जब घड़े की सतह पर मौजूद पानी धीरे-धीरे वाष्पित होता है, तो वह आसपास की गर्मी को अपने साथ ले जाता है, जिससे अंदर का पानी ठंडा हो जाता है। यही सिद्धांत पुराने समय से घड़ों में पानी ठंडा रखने के लिए इस्तेमाल किया जाता रहा है।
सोशल मीडिया यूजर्स इस जुगाड़ की तारीफ कर रहे हैं और इसे इको-फ्रेंडली विकल्प बता रहे हैं। अगर आप भी बिना बिजली के ठंडा पानी चाहते हैं, तो यह देसी तरीका आपके काफी काम आ सकता है।



