
Image Source : REPORTER INPUT
झारखंड की राजधानी रांची में बर्थडे पार्टी के दौरान नशीला पदार्थ खिलाकर मास्टर इन डेंटल सर्जरी (MDS) की एक छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना लालपुर थाना क्षेत्र के गोकुल वाटिका अपार्टमेंट में हुई। पीड़िता बरियातू स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करती है। इस संबंध में लालपुर थाना में FIR की दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी दानिश को गिरफ्तार कर लिया है।
दोस्त की पार्टी में साजिश का जाल
पीड़िता छात्रा की शिकायत के अनुसार वह रांची के हरमू के रहने वाले अपने मित्र ओली की बर्थडे पार्टी में शामिल होने लालपुर स्थित गोकुल वाटिका के पांचवें फ्लोर स्थित फ्लैट में गई थी। उसे बताया गया था कि पार्टी में अन्य लड़किया भी शामिल होंगी, लेकिन छात्रा वहां पहुंची तो वहां पर ओली के चार दोस्त ही मौजूद थे। रात करीब 8:00 बजे केक काटा गया। केक खाने के बाद छात्रा को सुस्ती महसूस होने लगी और उसे तेज भूख लगी। इस पर उसे वहां मौजूद ओली के दोस्तों ने खाने को पिज्जा दिया। पिज्जा खाने के बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी और उसे नशा महसूस हुआ।
नशीला पिज्जा खिलाने के बाद दरिंदगी
इसके बाद वह फ्लैट के कमरे में आराम करने चली गई। इसी दौरान ओली का दोस्त दानिश कमरे में आया और दरवाजा बंद कर लिया। नशे की हालत में होने के कारण छात्रा विरोध नहीं कर सकी और दानिश ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। सुबह होश आने पर छात्रा ने खुद को घायल अवस्था में पाया और अपनी सहेली को इसकी जानकारी दी।
सहेली ने उसे लालपुर स्थित आर्किड अस्पताल में भर्ती कराया। मामले की सूचना लालपुर पुलिस को दी गई जिसके बाद एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी दानिश को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने क्या कहा?
लालपुर थाना इंचार्ज रूपेश कुमार का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। यह भी देखा जा रहा है कि क्या वास्तव में पार्टी में नशीला पदार्थ मिलाया गया था या नहीं। साथ ही यह भी जांच हो रही है कि अन्य लोग इस घटना में शामिल थे या नहीं। फॉरेंसिक और मेडिकल रिपोर्ट को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।
(रिपोर्ट- मुकेश सिन्हा)
नर्स से बार-बार रेप करता रहा डॉक्टर जैदी, जान से भी मारने की दी धमकी, जबरन खिलाईं गर्भपात की गोलियां
“मैं शिव हूं-तुम पार्वती” कहकर महिला से रेप का आरोपी धर्मगुरु ऋषिकेश वैद्य गिरफ्तार, अशोक खरात केस के बाद खुली पोल



