‘चप्पल गिर गई है, बाइक रोको’… पति जैसे ही उतरा, महिला ने उठाया खौफनाक कदम! बालावाली गंगा पुल से छलांग लगाने के बाद तेज धार में तलाश जारी​​​​

‘चप्पल गिर गई है, बाइक रोको’… पति जैसे ही उतरा, महिला ने उठाया खौफनाक कदम! बालावाली गंगा पुल से छलांग लगाने के बाद तेज धार में तलाश जारी​​​​
Featured Image

मंडावर/बालावाली (बिजनौर)। पति के साथ बाइक पर सवार होकर हरिद्वार जा रही तीन बच्चों की मां ने बुधवार को बालावाली गंगा पुल से अचानक नदी में छलांग लगा दी। इस दर्दनाक और हैरान कर देने वाली घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। महिला की पानी में खोजबीन कराने के लिए एनडीआरएफ (NDRF) की टीम को बुलाया गया, जो देर शाम तक गंगा की तेज धार में महिला की तलाश करने में जुटी रही।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंडावर थाना क्षेत्र के ग्राम भोजपुर निवासी बॉबी पुत्र ऋषिपाल अपनी 30 वर्षीय पत्नी मोंटी को बाइक पर बैठाकर हरिद्वार जा रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों पति-पत्नी हरिद्वार में रहकर काम-काज करते हैं। बुधवार को दोनों भोजपुर गांव में एक पारिवारिक दावत में शामिल होने के लिए आए थे और कार्यक्रम खत्म होने के बाद वापस हरिद्वार लौट रहे थे।

चप्पल गिरने के बहाने रुकाई बाइक और लगा दी छलांग

बताया जाता है कि जब उनकी बाइक बालावाली गंगा पुल के ऊपर से गुजर रही थी, तभी अचानक मोंटी ने अपने पैर की चप्पल पुल पर गिरने की बात पति से कही और चप्पल उठाकर लाने को कहा। बॉबी ने बिना कुछ सोचे-समझे बाइक को पुल के किनारे रोका और सड़क पर गिरी चप्पल उठाने के लिए जैसे ही कुछ कदम आगे बढ़ाया, ठीक उसी दौरान मोंटी ने पुल की रेलिंग से गंगा नदी में छलांग लगा दी।

एनडीआरएफ की टीम तलाश में जुटी, परिजनों में मचा कोहराम

अचानक आंख के सामने हुई इस खौफनाक घटना से पति के पूरी तरह होश उड़ गए। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। उसने बदहवास हालत में तत्काल बालावाली चौकी पुलिस को इस बात की सूचना दी। हादसे की खबर मिलते ही थाना प्रभारी विपिन कुमार और चौकी प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ बिना देर किए मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाकर महिला की तलाश शुरू करवाई।

देर शाम तक एनडीआरएफ की रेस्क्यू टीम गंगा की तेज धाराओं में महिला की लगातार खोजबीन करती रही। जानकारी के मुताबिक महिला का मायका बढ़ापुर क्षेत्र में स्थित है और उसके तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद से ही पूरे परिवार में रो-रोकर कोहराम मचा हुआ है। आखिर महिला ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसके कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है और पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *