
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग सिर्फ भारत की विरासत का अपमान ही नहीं करते, बल्कि दोहरा आचरण भी अपनाते हैं।
रायबरेली में आयोजित एक कार्यक्रम में योगी ने कहा, “कल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष का आपने आचरण देखा होगा, हनुमान गढ़ी में दर्शन करने जाते हैं और बाहर जाकर मछली की दावत उड़ाते हैं, ये राम राम चिल्लाते हैं, बेशर्मी की भी एक सीमा होता है।”
उन्होंने आगे कहा, “…अरे जो खाना था बाहर खा लेते, अयोध्या के बाहर खा लेते लेकिन उनके कार्यालय में… ये है उनका दोहरा आचरण, गिरगिट भी सरमा जाता है इनके आगे तो।”
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गिरगिट भी सोचता होगा कि मनुष्य के रूप में उनकी कौन सी ऐसी प्रजाति पैदा हो गई, जो मंदिर में तो राम-राम चिल्लाती है, बजरंग बली के सामने दंडवत होने का ढोंग करती है और बाहर जाकर मछली की दावत उड़ाती है।
अजय राय के भाई की हत्या का भी किया जिक्र
इस दौरान योगी आदित्यनाथ ने अजय राय के भाई अवधेश राय की हत्या का भी जिक्र किया। योगी ने कहा कि अजय राय का पूरा इतिहास ही इस प्रकार है। उन्होंने कहा, “इनके भाई की हत्या की थी एक माफिया ने और यह व्यक्ति उस माफिया के खिलाफ बयान देने के लिए नहीं गया बल्कि उस माफिया के खिलाफ घुटने टेक कर नतमस्तक हो गया।”
योगी ने कहा कि प्रदेश में बीजेपी सरकार बनने पर उस माफिया को रगड़कर उसकी भूसी निकाल दी गई। उन्होंने विपक्षी दलों पर आरोप लगाते हुए कहा कि इन लोगों ने यूपी को माफिया प्रदेश बना दिया था और यूपी के लोगों के सामने पहचान का संकट खड़ा हो गया था। आज यूपी के लोगों के सामने पहचान का कोई संकट नहीं है।
ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं।