राम मंदिर चढ़ावा चोरी कांड : रमाशंकर के घर से मिला बैग, रुपये और अहम कागजात होने की आशंका; 14 घंटे तक चली पूछताछ

राम मंदिर चढ़ावा चोरी कांड : रमाशंकर के घर से मिला बैग, रुपये और अहम कागजात होने की आशंका; 14 घंटे तक चली पूछताछ
राम मंदिर चढ़ावा चोरी कांड : रमाशंकर के घर से मिला बैग, रुपये और अहम कागजात होने की आशंका; 14 घंटे तक चली पूछताछ

अयोध्या, अमृत विचार : राम मंदिर चढ़ावा चोरी के दो आरोपियों को बुधवार को पुलिस ने जेल से अपनी कस्टडी में लिया। शाम तक दोनों से पुलिस लाइंस में पूछताछ की जाती रही। पुलिस आरोपी रमाशंकर को उसके किराए वाले घर पर लेकर गई व तलाशी ली। करीब 25 मिनट बाद पुलिस यहां से काले रंग का पिट्ठू बैग लेकर बाहर निकली। सूत्रों के अनुसार इसमें नकदी समेत बैंक व अन्य कागजात शामिल रहे।

इस दौरान जबकि दूसरे आरोपी सुभाष के घर पर ताला लगा मिला। रात करीब 10 बजे दोनों को वापस जिला कारागार की कस्टडी में सौंप दिया गया। एंटी करप्शन कोर्ट ने आरोपी रमाशंकर मिश्र व सुभाष श्रीवास्तव को 14 घंटे पुलिस रिमांड का आदेश दिया था। विवेचक आशुतोष तिवारी बुधवार सुबह आठ बजे जिला कारागार पहुंचे व 10 मिनट में अपनी कस्टडी में लेकर दोनों को पुलिस लाइंस ले गए। सबसे पहले दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद ऑफीसर्स मेस में दोनों से पूछताछ शुरू की गई।

इस दौरान पुष्पराज चौराहे से जीआईसी ओवरब्रिज तक के मार्ग को बंद रखा गया। पुलिस लाइंस के अंदर भी बाहरी लोगों के आने जाने पर रोक रही। सूत्र बताते हैं कि रमाशंकर के किराए वाले घर से पुलिस ने बैग बरामद करने के बाद पुलिस दोनों को लेकर चौदहकोसी परिक्रमा मार्ग पर जनौरा कट स्थित बाग में ले गई। आरोपी अविनाश शुक्ल ने रिमांड के दौरान यहीं पर चोरी के रुपयों का बंटवारा होने की बात कबूली थी। इससे पहले अन्य तीन आरोपी अनुकल्प मिश्र, लवकुश मिश्र व करुणेश पांडेय की रिमांड के दौरान इस पर स्थान पर ले जाकर इसकी पुष्टि कराई गई थी।

इस बार आरोपी रमाशंकर मिश्र ने भी इसकी पुष्टि की। बताया जा रहा है सुभाष ने इससे अनभिज्ञता जताई। ध्यान रहे कि गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने रमाशंकर मिश्र के खाते से 7.31 लाख रुपये बरामद किए थे, जबकि सुभाष के पास से कुछ नहीं मिला था। सूत्र बताते हैं कि पूछताछ के दौरान रमाशंकर ने चोरी के रुपयों को ब्याज पर देने व रियल स्टेट में लगाने की बात कबूली। पुलिस ने इससे संबंधित ब्यौरा व लोगों के नाम भी कबूलवाए।

रात 10 बजे आरोपियों को दिया जिला कारागार की कस्टडी में

राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के आरोप में जेल में बंद सुभाष श्रीवास्तव तथा रमाशंकर मिश्र को 14 घंटे के लिए पुलिस रिमांड देने का आदेश हुआ था,जबकि विवेचक ने सात दिन की रिमांड के लिए अर्जी दी थी। अर्जी पर एंटी करप्शन कोर्ट ने 15 जुलाई की सुबह आठ बजे से रात 10 बजे तक पुलिस रिमांड पर देने का आदेश किया था। दिन भर चली पूछताछ के बाद विवेचक ने रात 10 बजे दोनों आरोपियों को जिला कारागार की कस्टडी में सौंप दिया।

अब चाचा भतीजा की पुलिस रिमांड मांगेंगे विवेचक

इस मामले में आठ आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज हुआ था। सभी आरोपी जेल में हैं। पुलिस ने जांच के दौरान आरोपियों से पूछताछ व चोरी किए हुए रुपयों आदि की बरामदगी के लिए अब अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्र, लवकुश मिश्र, करुणेश पांडेय, रमाशंकर मिश्र व सुभाषा श्रीवास्तव की रिमांड ले चुकी है। शेष बचे दो आरोपियों में घटना का मुख्य सूत्रदार बताया जा रहा रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू व उसके भतीजे मनीष यादव की अब पुलिस रिमांड की मांग नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने एक विशेष रणनीति के तहत अब तक टिन्नू की रिमांड नहीं मांगी है। अब छह आरोपियों से पूछताछ के बाद इन दोनों का नंबर आ सकता है। सूत्र बताते हैं कि विवेचक जल्द ही इनके रिमांड की अर्जी दाखिल कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *