Moradabad news: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में रामगंगा नदी में नहाने गए चार दोस्तों के साथ बड़ा हादसा हो गया. सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के ‘मोरा की मिलक’ इलाके के पास रामगंगा नदी में नहाते समय चारों युवक तेज बहाव की चपेट में आ गए. इस दौरान तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि चौथा युवक आसिफ नदी के गहरे पानी में डूब गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया. मौके पर सिविल लाइंस थाना पुलिस, सीओ सिविल लाइंस और पीएसी के गोताखोरों की टीम पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान में जुट गई.

डूबने वाले युवक की पहचान अमरोहा निवासी आसिफ के रूप में हुई है. वह शादीशुदा था और उसकी एक छोटी बच्ची भी है. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. चारों युवक मुरादाबाद के सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित मोनू अलमारी फैक्ट्री में मजदूरी करते हैं. बुधवार को फैक्ट्री में बिजली नहीं होने के कारण कामकाज प्रभावित था और भीषण गर्मी व उमस से परेशान होकर चारों दोस्तों ने पास बह रही रामगंगा नदी में नहाने का फैसला किया. दोपहर के समय सभी नदी में उतरे, लेकिन उन्हें नदी के तेज बहाव और गहराई का अंदाजा नहीं था. कुछ ही देर में चारों युवक पानी के तेज बहाव में फंस गए और डूबने लगे. मौके पर अफरातफरी मच गई और मदद के लिए शोर सुनाई दिया.
तीन दोस्तों की बची जान, आसिफ लापता
हादसे के दौरान दो युवकों ने हिम्मत दिखाते हुए काफी दूर तक तैरकर किसी तरह अपनी जान बचा ली. वहीं तीसरे युवक को डूबता देख मौके पर मौजूद सिविल लाइंस थाना पुलिस और स्थानीय लोगों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
हालांकि चौथा युवक आसिफ तेज बहाव में बहकर गहरे पानी में समा गया. सूचना मिलते ही पुलिस ने पीएसी की विशेष गोताखोर टीम को बुलाया, जिसने नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया. खबर लिखे जाने तक आसिफ की तलाश जारी थी.
साथी तसव्वुर खान ने सुनाई आपबीती
हादसे से सुरक्षित बाहर निकले आसिफ के साथी तसव्वुर खान ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि सभी लोग मोनू अलमारी फैक्ट्री में काम करते हैं और गर्मी से राहत पाने के लिए नदी में नहाने आए थे. वे नदी के एक किनारे से उतरकर धीरेधीरे पुल के नीचे तक पहुंच गए थे.
तसव्वुर के मुताबिक, अचानक आसिफ गहरे पानी में चला गया और मदद के लिए आवाज लगाने लगा. तसव्वुर तैरना जानता था, इसलिए उसने बिना देर किए उसे बचाने की कोशिश की. उसने आसिफ को पकड़कर बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन नदी का बहाव इतना तेज था कि वह उसे बचा नहीं सका. देखते ही देखते आसिफ उसकी आंखों के सामने पानी में लापता हो गया.
पुलिस और गोताखोरों का रेस्क्यू अभियान जारी
घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिविल लाइंस, थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीएसी के प्रशिक्षित गोताखोरों की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कराया. अधिकारियों का कहना है कि आसिफ की तलाश लगातार जारी है और उसे खोजने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं.
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में तेज बहाव वाली नदियों में नहाने से बचें, क्योंकि थोड़ीसी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है. यह हादसा एक बार फिर नदियों में सुरक्षा बरतने की आवश्यकता की याद दिलाता है.