Bareilly News : कलेक्ट्रेट गेट पर दंपति ने बच्ची संग आत्मदाह का किया प्रयास, पुलिस की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

Bareilly News : कलेक्ट्रेट गेट पर दंपति ने बच्ची संग आत्मदाह का किया प्रयास, पुलिस की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
Bareilly News : कलेक्ट्रेट गेट पर दंपति ने बच्ची संग आत्मदाह का किया प्रयास, पुलिस की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

बरेली, अमृत विचार। कलेक्ट्रेट गेट पर गुरुवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब मीरगंज क्षेत्र का एक दंपति अपनी मासूम बेटी के साथ आत्मदाह का प्रयास करने पहुंच गया। दंपति ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया और आग लगाने की कोशिश की, लेकिन मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने तत्काल उनके हाथ से पेट्रोल की बोतल छीनकर तीनों को सुरक्षित बचा लिया।

जानकारी के अनुसार मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव खमरिया साहनी निवासी लाल सिंह अपनी पत्नी और बेटी के साथ सुबह करीब 11:45 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उन्होंने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया और आग लगाने का प्रयास किया। इसी दौरान ड्यूटी पर मौजूद इंटेलिजेंस दरोगा ओपी सिंह, पुलिसकर्मी अमित, ड्यूटी इंचार्ज संदीप शर्मा तथा होमगार्ड राजपाल सिंह और मीरा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पेट्रोल की बोतल छीन ली और तीनों को सुरक्षित पकड़ लिया।

लाल सिंह का आरोप है कि उनके घर के निकास को लेकर पड़ोसियों से करीब 40 वर्षों से विवाद चला आ रहा है। उन्होंने बताया कि थाना दिवस, संपूर्ण समाधान दिवस समेत कई अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। उनका यह भी आरोप है कि मीरगंज एसडीएम कार्यालय में तैनात एक होमगार्ड उन्हें लंबे समय से प्रताड़ित कर रहा है। इसी से आहत होकर उन्होंने यह कदम उठाने का प्रयास किया।

घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दंपति और उनकी बेटी को जिला अस्पताल भेजा। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। शिकायतों और लगाए गए आरोपों की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के चलते कुछ देर के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में अफरातफरी का माहौल रहा, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *