
सैफनी, अमृत विचार। जनपद रामपुर के सैफनी नगर में बुधवार की शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया। नगर के जोशियान मोहल्ला निवासी 26 वर्षीय एक युवक की बिजली के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। इस अचनाक हुए हादसे के बाद जवान बेटे का शव देखकर परिजनों में चीखपुकार मच गई और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
नगर के जोशियान मोहल्ला निवासी 26 वर्षीय विकास जोशी पुत्र राजपाल जोशी कपड़े की फेरी लगाकर अपना गुजरबसर करता था। बुधवार शाम करीब 5 बजे घर में लगे इन्वर्टर में कुछ खराबी आ गई थी। विकास उसे सही करने के लिए बिजली के बोर्ड से इन्वर्टर का प्लग निकाल रहा था। बताया गया कि इसी दौरान वह अचानक हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गया।
मुरादाबाद ले जाते समय रास्ते में गई जान
परिजनों ने बताया कि करंट का झटका इतना जोरदार था कि विकास वहीं मूर्छित होकर गिर पड़ा। आननफानन में घबराए परिजन उसे तुरंत स्थानीय निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मुरादाबाद के हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए मुरादाबाद ले जा रहे थे, लेकिन विकास ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
इसके बाद जब परिजन उसके शव को लेकर वापस घर पहुंचे, तो घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रोरोकर बुरा हाल है। इस घटना से पूरे मोहल्ले के लोग भी स्तब्ध और दुखी हैं।