
प्रयागराज, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने टीजीटी भर्ती2022 के उन अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन का अंतिम अवसर दिया है, जिनका किसी कारणवश अब तक सत्यापन नहीं हो सका है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि 17 जुलाई के बाद किसी भी अभ्यर्थी को सत्यापन के लिए अतिरिक्त मौका नहीं दिया जाएगा।
17 जुलाई को आयोग कार्यालय पहुंचें अभ्यर्थी
आयोग के अनुसार, टीजीटी भर्ती2022 के छूटे हुए अभ्यर्थी 17 जुलाई को प्रयागराज स्थित आयोग कार्यालय पहुंचकर अपने दस्तावेजों का सत्यापन करा सकते हैं। अभ्यर्थियों को आयोग द्वारा जारी सत्यापनपत्र के साथ भर्ती प्रक्रिया से संबंधित सभी मूल प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से साथ लाने होंगे।
3,539 पदों के लिए चल रही है प्रक्रिया
आयोग के उप सचिव ने बताया कि टीजीटी भर्ती2022 के 3,539 पदों के लिए 15 विषयों में शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन 9 जुलाई से 17 जुलाई तक निर्धारित है। उन्होंने कहा कि जिन अभ्यर्थियों का अब तक किसी कारण से सत्यापन नहीं हो पाया है, वे 17 जुलाई को आयोग कार्यालय पहुंचकर प्रक्रिया पूरी कर लें।
17 जुलाई के बाद नहीं मिलेगा कोई मौका
आयोग ने स्पष्ट किया है कि 17 जुलाई के बाद दस्तावेज सत्यापन के लिए कोई अतिरिक्त तिथि घोषित नहीं की जाएगी। निर्धारित तिथि पर सत्यापन नहीं कराने वाले अभ्यर्थियों के दावों पर विचार नहीं किया जाएगा। आयोग ने सभी संबंधित अभ्यर्थियों से समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर अंतिम अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।