
अयोध्या, अमृत विचार। अयोध्या में सरयू नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। पिछले 24 घंटे में नदी का जलस्तर 40 सेंटीमीटर बढ़कर 91.39 मीटर पहुंच गया है। यह चेतावनी बिंदु 91.73 मीटर से महज 34 सेंटीमीटर नीचे है। वर्तमान में जलस्तर लगभग 0.5 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि अगले 24 घंटे में नदी चेतावनी स्तर पार कर सकती है।
प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी
जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए जिला प्रशासन ने तटवर्ती क्षेत्रों और संभावित बाढ़ प्रभावित गांवों में निगरानी बढ़ा दी है। बाढ़ से निपटने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं और संबंधित विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
फिलहाल बाढ़ के हालात नहीं
प्रशासन के अनुसार, फिलहाल अयोध्या में बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है। हालांकि, सरयू के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है।