Kanpur News : 25.95 करोड़ से चमकेगा बॉटेनिकल गार्डन, Rose Garden से Boat Club तक मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं, टेंडर प्रक्रिया हुई पूरी

Kanpur News : 25.95 करोड़ से चमकेगा बॉटेनिकल गार्डन, Rose Garden से Boat Club तक मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं, टेंडर प्रक्रिया हुई पूरी
Kanpur News : 25.95 करोड़ से चमकेगा बॉटेनिकल गार्डन, Rose Garden से Boat Club तक मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं, टेंडर प्रक्रिया हुई पूरी

कानपुर, अमृत विचार। केडीए बॉटेनिकल गार्डन को 25.95 करोड़ रुपये से पर्यटन के साथ खूबसूरत पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित करेगा। शासन से इस संबंध में विस्तृत कार्ययोजना की स्वीकृति मिलने के बाद प्राधिकरण ने टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली है। उम्मीद है कि अगले माह से कार्यदायी संस्था जमीन पर काम शुरू कर देगी। पार्क में 500 मीटर लंबाई में पाथवे बनाकर लोगों के टहलने की व्यवस्था पहले ही की जा चुकी है।

गंगा बैराज पर अटल घाट के समीप केडीए ने बॉटेनिकल गार्डन बनाया है। अब यह गार्डन पर्यावरण संरक्षण के साथ पर्यटन और मनोरंजन का नया केंद्र बनने जा रहा है। इसके लिए गार्डन को नए सिरे से विकसित किया जाएगा। लोग इस गार्डन में सुबहशाम टहलने के साथ ही परिवार के साथ पिकनिक का मजा ले सकें, इसके लिए यहां पर बच्चों के लिए आधुनिक झूले लगाए जाएंगे। 

कार्य योजना के मुताबिक प्रथम चरण में गार्डन के प्रवेश और बोट क्लब तक के क्षेत्र की लैंड स्केपिंग कराई जाएगी। गार्डन की ऐसी संरचना की जाएगी कि यहां प्रवेश करते ही लोगों को हरियाली, फूलों की खुशबू और गंगा का मनोरम दृश्य देखने को मिल सके। पार्क के अन्दर एक लॉन में सुविधा युक्त पिकनिक स्पॉट बनाया जाएगा। इसके साथ ही पूरे पार्क में हरियाली और पौधे लगाए जाएंगे, चारों तरफ वाटर बॉडी के अलावा एक कैंटीन का भी निर्माण कराया जाएगा। पार्क के चारों ओर रोशनी के लिए आधुनिक लाइटें और लोगों के बैठने के लिए बेंच लगाई जाएगी।

रोज गार्डन, लोटस पॉन्ड, योग व शोध केंद्र और म्यूजियम सेंटर

बॉटेनिकल गार्डन में रोज गार्डन, लोटस पॉन्ड, योग केंद्र, शोध केंद्र और एक म्यूजियम सेंटर की स्थापना भी शामिल हैं। गार्डन से सीधे गंगा बैराज स्थित बोट क्लब तक पहुंचने की सुविधा भी दी गई है, ताकि आगंतुक बोट राइड्स का भी आनंद उठा सकें।

मुख्य द्वार के साथ चमकेगा पाथ वे और लोअर लॉन भी

केडीए ने बॉटेनिकल गार्डन के मुख्य द्वार के निर्माण एवं पाथवे के किनारे मार्बल कार्य के लिए 7.44 लाख रुपये का टेंडर खोला है, इसी तरह गार्डेन में स्थित बोट क्लब के गेट के पास लोअर लॉन एवं पाथ के किनारे लॉन के विकास के लिए 7.44 लाख का टेंडर फाइनल करके ठेकेदार फर्म को एक माह में काम पूरा करने के लिए निर्देशित किया है।

नर्सरी में जानकारी के साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधे

गंगा बैराज बैराज स्थित बॉटेनिकल गार्डन 49 एकड़ क्षेत्रफल में स्थित है। यह गंगा के किनारे से बिल्कुल सटा हुआ है। पार्क की नर्सरी में जानकारी के साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधे और वनस्पतियां लगाई गई हैं, जिनके विकास के लिए केडीए ने नेशनल बॉटेनिकल रिसर्च इन्सटीट्यूट लखनऊ से अनुबंध किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *