आगरा: सड़क पर फंसी एंबुलेंस, नवजात बच्ची की दर्दनाक मौत, अखिलेश यादव ने सरकार पर किया तंज​

आगरा: सड़क पर फंसी एंबुलेंस, नवजात बच्ची की दर्दनाक मौत, अखिलेश यादव ने सरकार पर किया तंज​

आगरा के बाह तहसील क्षेत्र से लोक निर्माण विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है, जहां क्षतिग्रस्त सड़क पर एम्बुलेंस फंस जाने के कारण समय पर उपचार न मिलने से एक नवजात बच्ची की जान चली गई. इस संबंध में ग्रामीणों ने संपूर्ण समाधान दिवस के अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है.

वहीं समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इससे दुर्भाग्यपूर्ण क्या होगा कि बीजेपी के भ्रष्टाचार की वजह से वो भी मारे जा रहे हैं, जिन्होंने अभी जन्म भी नहीं लिया है.

इससे दुर्भाग्यपूर्ण क्या होगा कि भाजपा के भ्रष्टाचार की वजह से वो भी मारे जा रहे हैं, जिन्होंने अभी जन्म भी नहीं लिया है। pic.twitter.com/YZU9MewKDH

— Akhilesh Yadav September 7, 2026

गढ़बार ग्राम की है घटना

तहसील बाह के अंतर्गत आने वाले ग्राम गढ़बार के निवासियों ने संपूर्ण समाधान दिवस अधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया है कि उनके गांव के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा लिंक मार्ग का निर्माण किया गया था. बरसात के दौरान लगभग एक माह पूर्व मुकुंदपुरा के समीप यह लिंक मार्ग कट गया था, जिससे रास्ते पर आवागमन बाधित हो गया था.

दो घंटे तक कीचड़गड्ढों में फंसी रही एम्बुलेंस

ग्रामीणों का आरोप है कि इस संबंध में संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों को पहले ही सूचित कर दिया गया था, किंतु उनकी उदासीनता के कारण सड़क की मरम्मत का कार्य नहीं कराया गया. 2 सितंबर 2026 की रात्रि को गांव निवासी प्रवेन्द्र सिंह की पत्नी निधि को प्रसव पीड़ा हुई, जिसके बाद परिजनों ने रात करीब एक बजे सरकारी एम्बुलेंस को फोन करके बुलाया. जब एम्बुलेंस गांव पहुंच रही थी, तब वह क्षतिग्रस्त और कटी हुई सड़क पर फंस गई और लगभग दो घंटे तक वहीं अटकी रही.

समय पर इलाज न मिलने से थमी नवजात की सांसें

रात के समय ग्रामीणों ने ट्रैक्टर की मदद से एम्बुलेंस को खींचकर कीचड़ और गड्ढों से बाहर निकाला, जिसके बाद वह किसी तरह पीड़िता के घर पहुंची. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने पर डॉक्टरों ने प्रसव तो कराया, लेकिन अस्पताल पहुंचने में हुई अत्यधिक देरी के कारण नवजात बच्ची की पहले ही सांसें थम चुकी थीं.

लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग

पीड़ित परिवार और समस्त ग्रामवासियों ने लोक निर्माण विभाग के लापरवाह कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. साथ ही, इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए क्षतिग्रस्त मार्ग पर करीब 200 मीटर सीसी रोड बनवाने की पुरजोर मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह की किसी अन्य अनहोनी से बचा जा सके.

अखिलेश यादव ने सरकार पर किया तंज

वहीं इस मामले पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर हमला बोला. उन्होंने एक्स पर एक फोटो पोस्ट करते हुए लिखा कि इससे दुर्भाग्यपूर्ण क्या होगा कि भारतीय जनता पार्टी के भ्रष्टाचार की वजह से वो भी मारे जा रहे हैं, जिन्होंने अभी जन्म भी नहीं लिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *