
भदोही। उत्तर प्रदेश पुलिस ने ज्ञानपुर विधानसभा सीट से चार बार विधायक रहे विजय मिश्रा की महाराष्ट्र स्थित 100 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की वाणिज्यिक संपत्ति कुर्क की है। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एवं असामाजिक गतिविधि अधिनियम के तहत की गई। पुलिस के अनुसार वर्ष 2022 से अब तक विजय मिश्रा से जुड़ी कुल 241 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क की जा चुकी हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, कुर्क की गई संपत्ति महाराष्ट्र के धाराशिव जिले के उमरगा तालुक के जाकेकुर गांव में स्थित ‘लल्ली एग्रो इंडस्ट्रीज’ नामक दाल मिल है। भदोही पुलिस की विशेष टीम ने इस महीने की शुरुआत में महाराष्ट्र पुलिस और स्थानीय राजस्व अधिकारियों के सहयोग से कार्रवाई करते हुए इस संपत्ति को कुर्क किया।
भदोही के पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने बताया कि करीब 100.25 करोड़ रुपये मूल्य की इस संपत्ति को भदोही के जिलाधिकारी शैलेष कुमार के आदेश पर 7 जुलाई को सील कर सरकारी कब्जे में ले लिया गया। इससे पहले जिलाधिकारी ने 2 जुलाई को संपत्ति को सरकार के पक्ष में कुर्क करने का आदेश जारी किया था।
अधिकारियों के अनुसार, करीब 15 वर्ष पहले विजय मिश्रा, उनकी पत्नी राम लली और बेटे विष्णु ने कथित रूप से संगठित अपराध से अर्जित अवैध धन से इस दाल मिल की स्थापना कराई थी। हालांकि, यह संपत्ति मिश्रा के दामाद मुकेश तिवारी के नाम दर्ज है।
विजय मिश्रा वर्ष 2002, 2007, 2012 और 2017 में ज्ञानपुर विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे। पुलिस के अनुसार उनके खिलाफ हत्या, रंगदारी, रंगदारी वसूली, संगठित अपराध और वर्ष 2010 में तत्कालीन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ पर हुए हमले सहित 87 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।