ऑटो में जेई को बंधक बनाकर लूटपाट, विरोध पर पीटा

ऑटो में जेई को बंधक बनाकर लूटपाट, विरोध पर पीटा
ऑटो में जेई को बंधक बनाकर लूटपाट, विरोध पर पीटा

कार्यालय संवाददाता, लखनऊ,अमृत विचार: राजधानी में ऑटो सवार बदमाश लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। मड़ियांव इलाके में ऑटो सवार चार बदमाशों ने बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर को बंधक बनाकर लूटपाट की। विरोध करने पर पीटा और जान से मारने की धमकी देकर बीस हजार रुपये व दो मोबाइल लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश जेई को चलते ऑटो से धक्का देकर भाग निकले। मड़ियांव पुलिस ने चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

मड़ियांव के महर्षि नगर स्थित इशानिका टाउनी निवासी अश्वनी कुमार वर्मा बाराबंकी के सुबेहा उपकेंद्र में अवर अभियंता के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि 14 जुलाई को बेटे की तबीयत खराब होने पर वह देर रात बाराबंकी से लखनऊ पहुंचे। मड़ियांव स्थित प्रधान मैरिज लॉन के पास वे घर तक जाने के लिए एक ऑटो बैठ गए। ऑटो में चालक के अलावा तीन लोग मौजूद थे। कुछ दूर जाने के बाद चालक ने ऑटो को मधुवन विहार कॉलोनी की तरफ गलियों में मोड़ दिया। यह देख अश्वनी ने कहा कि इधर से कहां जा रहे हो? इसपर पीछे बैठे बदमाशों ने उनका मुंह दबा दिया। धमकाया कि शोर मचाने का प्रयास किया तो जान से मार देंगे। विरोध करने पर बदमाशों ने अश्वनी को पीटा।

सुनसान गली में ले जाकर बदमाशों ने उनके पास मौजूद 20 हजार रुपये और दो मोबाइल फोन लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने उन्हें चलते ऑटो से धक्का दे दिया और वहां से भाग गए।  गली से बाहर आकर पीड़ित अश्वनी ने एक राहगीर से मदद मांगी। उसके मोबाइल फोन से लूट की सूचना डॉयल112 पर दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अश्वनी कुमार की तहरीर पर चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट व धमकी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्र ने बताया कि प्रधान मैरिज लॉन से मधुवन विहार कॉलोनी के बीच के सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। लुटेरों के बारे में कुछ अहम सुराग मिले हैं। जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *