आठ दुकानों में लगी आग, लाखों का माल जलकर राख

आठ दुकानों में लगी आग, लाखों का माल जलकर राख
आठ दुकानों में लगी आग, लाखों का माल जलकर राख

कार्यालय संवाददाता, लखनऊ, अमृत विचार: आईआईएम रोड स्थित मुतक्कीपुर के बुधवार देर रात आठ दुकानों में आग लग गई। आग की चपेट में आने से डेयरी, फर्नीचर, चाय, किराना व एसी रिपेयरिंग की दुकानों में रखा लाखों का माल जलकर राख हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची अग्निशमन की टीम ने छह गाड़ियों की मदद से दो घंटे में आग पर काबू पाया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। पुलिस अग्निशमन अधिकारी हादसे का कारण पता लगा रहे हैं।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल के मुताबिक, देर रात रात 11:51 बजे बक्शी का तालाब अग्निशमन केंद्र को एमडीटी के जरिए सूचना मिली कि आईआईएम रोड पर सड़क किनारे बनी दुकानों में आग लगी है। सूचना मिलते ही प्रभारी अग्निशमन अधिकारी बीकेटी के नेतृत्व में दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। वहां पहुंचने पर आग विकराल रूप ले चुकी थी और तेजी से फैल रही थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इंदिरानगर से एक, चौक से दो दमकल गाड़ियां, हजरतगंज से वाटर बाउजर और मल्टी डिजास्टर रिस्पांस व्हीकल को भी मौके पर बुलाया गया। कुछ ही देर में मुख्य अग्निशमन अधिकारी लखनऊ और अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए।

दमकल कर्मियों ने सभी दिशाओं से पानी की बौछार शुरू कर दी और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया। आग से न्यू भारत दूध डेयरी, लकड़ी फर्नीचर की दुकान, चाय की दुकान, नदीम जनरल स्टोर, वेल्डिंग, किराना और एसी रिपेयरिंग की दुकान जलकर राख हो गए। किसको कितना नुकसान हुआ है, उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। दुकान के आसपास रहने वाले लोगों ने कहा किसी ने आग लगाई है, क्योंकि सभी दुकानदार अपनी दुकान की लाइट पूरी तरह बंद कर जाते हैं। ऐसे में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *