रैपिडो राइडर ने लड़की को भेजा I LOVE YOU मैसेज, शिकायत की बात पर कहा जो करना है कर दो​

रैपिडो राइडर ने लड़की को भेजा I LOVE YOU मैसेज, शिकायत की बात पर कहा जो करना है कर दो​

Noida News: नोएडा में रैपिडो राइडर द्वारा लड़की को निजी मैसेज भेजने और बातचीत के दौरान ‘आई लव यू’ लिखने का मामला सामने आया है. लड़की ने राइडर के व्यवहार का विरोध करते हुए दोबारा कॉल या मैसेज करने पर पुलिस से शिकायत की बात कही. आरोप है कि इसके जवाब में राइडर ने कहा कि जिससे शिकायत करनी है कर दो, रैपिडो में भी शिकायत कर दो. मामला सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद कंपनी ने लड़की से माफी मांगी और घटना को गंभीरता से लेने की बात कही है.

जानकारी के मुताबिक, लड़की ने रैपिडो के जरिए पार्सल डिलीवरी से जुड़ी सेवा ली थी. इसी दौरान डिलीवरी करने वाले राइडर की ओर से लड़की के मोबाइल नंबर पर कथित तौर पर निजी संदेश भेजे गए. बातचीत की शुरुआत हेलो, कैसी हो आप जैसे संदेश से हुई. लड़की के मुताबिक, कुछ ही देर बाद राइडर ने सीधे ‘आई लव यू’ लिखकर मैसेज भेज दिया.

लड़की ने इस तरह के निजी संदेशों पर आपत्ति जताई और राइडर को स्पष्ट चेतावनी दी कि अगर उसने दोबारा कॉल या मैसेज किया तो वह पुलिस से शिकायत करेगी. आरोप है कि इसके बाद राइडर ने बेफिक्र अंदाज में शिकायत करने की बात कही और रैपिडो में भी शिकायत करने को कहा.

रैपिडो राइडर ने लड़की को भेजे अश्लील मैसेज

इसके बाद लड़की ने पूरी बातचीत के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर साझा कर दिए. स्क्रीनशॉट में रैपिडो डिलीवरी से जुड़ी चैट दिखाई दे रही है, जिसमें राइडर की तरफ से हेलो, कैसी हो आप और ‘आई लव यू’ जैसे संदेश नजर आ रहे हैं. लड़की की ओर से पुलिस में शिकायत करने की बात कहे जाने के बाद कथित तौर पर शिकायत करने और कंपनी में भी शिकायत करने की बात कही गई.

सोशल मीडिया पर स्क्रीनशॉट सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया. लोगों ने डिलीवरी सेवाओं के दौरान लड़की ग्राहकों की सुरक्षा और डिलीवरी पार्टनर्स के व्यवहार को लेकर सवाल उठाए. लोगों का कहना है कि ग्राहक के सेवा लेने के दौरान मिले मोबाइल नंबर का निजी बातचीत के लिए इस्तेमाल किया जाना गंभीर चिंता का विषय है.

कंपनी ने लड़की से मांगी माफी

मामला सामने आने के बाद रैपिडो की ओर से लड़की की सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी गई. कंपनी ने डिलीवरी एग्जीक्यूटिव के व्यवहार को लेकर चिंता जताई और महिला से माफी मांगी. कंपनी ने मामले में आगे सहायता के लिए संबंधित राइडर की आईडी और पंजीकृत मोबाइल नंबर साझा करने को कहा है.

वहीं, नोएडा पुलिस का कहना है कि इस मामले में फिलहाल उसके पास कोई शिकायत या जानकारी नहीं आई है. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, यदि लड़की की ओर से शिकायत दी जाती है तो मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल सोशल मीडिया पर सामने आए स्क्रीनशॉट के आधार पर यह मामला चर्चा में है और कंपनी की ओर से की गई प्रतिक्रिया के बाद राइडर के व्यवहार को लेकर कार्रवाई की स्थिति पर नजर बनी हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *