Quick Samachar: पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 54 रनों से हरा दिया है. पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब ने IPL 2026 टूर्नामेंट का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया था जिसके सामने लखनऊ की बैटिंग नहीं टिक पाई. LSG की पूरी टीम निर्धारित 20 ओवरों में 200 रन ही बना सकी. प्रियांश आर्या और कूपर कोनोली ने कहर बरपाते हुए तूफानी अर्धशतकीय पारी खेलकर पंजाब को विशालकाय स्कोर तक पहुंचाया था.

पंजाब किंग्स जब पहले बैटिंग करने आई तो उसने 254 रनों का विशालकाय स्कोर खड़ा कर दिया था. यह IPL 2026 में अब तक सबसे बड़ा स्कोर है, इस मामले में उसने RCB को पछाड़ा. 255 रनों के लक्ष्य का पीछा करने आई लखनऊ सुपर जायंट्स को मिचेल मार्श और आयुष बडोनी ने तेज शुरुआत दिलाई. दोनों ने पावरप्ले में 61 रन बना लिए थे, लेकिन लखनऊ टीम का रन रेट वही 10 के आसपास चलता रहा, जो अंत में जाकर उसके लिए बड़ी मुसीबत साबित हुआ.
मार्श ने 40 रन बनाए, वहीं बडोनी ने भी 35 रनों का योगदान दिया. कप्तान ऋषभ पंत को भी शुरुआत मिली, जिन्होंने 23 गेंद में 43 रन बनाए. मगर इनमें से कोई भी बल्लेबाज इस स्कोर को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पाया. अंत में एडन मार्करम ने 22 गेंद में 42 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली, लेकिन वह LSG को जीत दिलाने में नाकाफी साबित हुई.
सामने 255 रनों का पहाड़ सा लक्ष्य था. अच्छी बात यह रही कि लखनऊ ने 10 ओवरों में 102 रन बनाकर 10 से ऊपर का रनरेट कायम रखा था. मगर उसके बाद बल्लेबाजों को गीयर बदलने की जरूरत थी. 13वें ओवर तक भी लखनऊ का रनरेट 10 से ऊपर चल रहा था. मगर उसके बाद लगातार अंतराल पर गिरते विकेट और रनरेट का गिरना लखनऊ की हार का मुख्य कारण बना. नतीजन अंत तक भी LSG ने 10 के रनरेट से खेलते हुए 200 ही रन बनाए.
💬 Comments (0)
Leave a Comment