
जगतपुर । रायबरेली के लक्ष्मणपुर रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। नौचंदी एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे एक 45 वर्षीय यात्री पानी पीने के लिए स्टेशन पर उतरे थे। इसी दौरान ट्रेन चलने लगी और वापस चढ़ने की कोशिश में उनका पैर फिसल गया, जिससे वह ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन स्टेशन पर रुकी तो यात्री पानी पीने के लिए नीचे उतरे। कुछ ही देर बाद ट्रेन ने रफ्तार पकड़ ली। यात्री ने दौड़कर ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वह फिसल गए और हादसे का शिकार हो गए।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगतपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
रीवा का रहने वाला है घायल यात्री
घायल की पहचान रोहित पुत्र हरिश्चंद्र, निवासी चांद घाट, जिला रीवा के रूप में हुई है। वह नौचंदी एक्सप्रेस से सफर कर रहे थे और लक्ष्मणपुर रेलवे स्टेशन पर पानी पीने के लिए ट्रेन से नीचे उतरे थे।
चिकित्सकों ने बताया हालत गंभीर
सीएचसी जगतपुर के चिकित्सक डॉ. लइक अहमद के अनुसार, घायल की हालत काफी गंभीर थी। प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया है।