
सुलतानपुर। लंभुआ कोतवाली क्षेत्र में मजार पर दर्शन करने जा रहे एक युवक के साथ हथियार के बल पर लूट की घटना सामने आई है। ढेलहा गांव के पास कोथरातातोमुरैनी मार्ग पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने युवक को रोककर पिस्टल दिखाते हुए उसका मोबाइल फोन, नकदी और वाहन की चाभी छीन ली। हालांकि सामने से एक वाहन आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़ित अजहरुद्दीन, पुत्र मोहम्मद जलील, निवासी उदई शाहपुर, थाना आसपुर देवसरा, जनपद प्रतापगढ़ के अनुसार, वह गुरुवार देर शाम अमरगढ़ से शंकरपुर मजार पर दर्शन के लिए जा रहे थे। जैसे ही वह ढेलहा गांव के पास पहुंचे, तभी एक बाइक पर सवार तीन लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया।
पिस्टल दिखाकर की लूटपाट
पीड़ित का आरोप है कि बदमाशों ने पिस्टल सटाकर उन्हें धमकाया और उनका मोबाइल फोन, कुछ नकदी तथा बाइक की चाभी छीन ली। इसी दौरान सामने से एक वाहन आता दिखाई दिया, जिससे घबराकर तीनों आरोपी मौके से भाग निकले।
पुलिस को दी सूचना, जांच शुरू
घटना के बाद पीड़ित ने किसी तरह पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही लंभुआ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
पीड़ित के मुताबिक पुलिस ने उन्हें अगले दिन सुबह थाने पहुंचकर तहरीर देने के लिए कहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।