
नई दिल्ली। नेपाल क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ACC मेंस प्रीमियर कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। मलेशिया के बायुमास ओवल मैदान पर खेले गए फाइनल में नेपाल ने यूएई को 44 रन से हराया। इस जीत के साथ कप्तान संदीप लामिछाने की टीम ने बांग्लादेश में होने वाले एशिया कप 2027 के लिए भी क्वालीफाई कर लिया।
फाइनल मुकाबले में नेपाल के ओपनर आसिफ शेख ने शानदार शतक जड़कर टीम की जीत की नींव रखी। नेपाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 313 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएई की टीम 49.1 ओवर में 269 रन पर सिमट गई।
एशिया कप 2027 के लिए क्वालीफाई करने वाली छठी और आखिरी टीम बना नेपाल
ACC प्रीमियर कप एशिया कप के लिए क्वालिफाइंग टूर्नामेंट है। खिताब जीतने के साथ ही नेपाल ने एशिया कप 2027 में जगह बनाने वाली छठी और आखिरी टीम के रूप में अपनी जगह पक्की कर ली है।
इस बार एशिया कप वनडे फॉर्मेट में खेला जाएगा, इसलिए टूर्नामेंट में कुल छह टीमें हिस्सा लेंगी। भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, अफगानिस्तान और मेजबान बांग्लादेश को सीधे प्रवेश मिला है, जबकि नेपाल ने क्वालिफाइंग टूर्नामेंट जीतकर अपनी जगह बनाई है।
फाइनल में नेपाल ने खड़ा किया 313 रन का विशाल स्कोर
ACC प्रीमियर कप के फाइनल में टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी नेपाल की टीम ने 50 ओवर में 313 रन बनाए। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। ओपनर आसिफ शेख ने 102 रन की शानदार पारी खेली। उनके अलावा गुलशन झा ने महज 38 गेंदों में 52 रन बनाकर यूएई के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा।
314 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएई की शुरुआत के बाद टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी और 49.1 ओवर में 269 रन पर ऑलआउट हो गई। यूएई की ओर से राहुल चोपड़ा ने 100 रन की शतकीय पारी खेली, लेकिन उनकी यह पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी। सोहैब खान ने भी 52 रन बनाए।
दूसरी बार एशिया कप में उतरेगी नेपाल की टीम
नेपाल अब दूसरी बार एशिया कप में हिस्सा लेगा। इससे पहले टीम ने 2023 में पहली बार एशिया कप खेला था। उस टूर्नामेंट में नेपाल को भारत और पाकिस्तान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था और दो मैच गंवाने के बाद टीम प्रतियोगिता से बाहर हो गई थी।
हालांकि, पिछले तीन वर्षों में नेपाली टीम के प्रदर्शन और अनुभव में सुधार हुआ है। अब एशिया कप 2027 में टीम बड़ी क्रिकेट टीमों को कड़ी चुनौती देने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी नेपाल ने अच्छा प्रदर्शन किया था।