पूजा पाल का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला, बोलीं भाजपा में योग्यता के आधार पर मिलता है अवसर

पूजा पाल का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला, बोलीं भाजपा में योग्यता के आधार पर मिलता है अवसर
पूजा पाल का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला, बोलीं भाजपा में योग्यता के आधार पर मिलता है अवसर

लखनऊ। समाजवादी पार्टी छोड़कर हाल ही में भारतीय जनता पार्टी का दामन थामने वाली महिला विधायक पूजा पाल ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। सोशल मीडिया के जरिए उन्होंने भाजपा और सपा की कार्यशैली की तुलना करते हुए दावा किया कि भाजपा में अवसर व्यक्ति की योग्यता और समर्पण के आधार पर मिलते हैं, जबकि सपा में राजनीतिक अवसर सीमित दायरे तक ही सिमटे हुए हैं।

पूजा पाल ने शुक्रवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि अखिलेश यादव ने उनसे पूछा था कि भाजपा में शामिल होकर उन्हें क्या मिला। उन्होंने कहा कि अब वह इसका जवाब सार्वजनिक रूप से देना चाहती हैं।

उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “मुझे गर्व है कि मैं पाल समाज की बेटी हूं और भारतीय जनता पार्टी की कार्यकर्ता हूं। मैं ऐसी पार्टी में हूं, जहां किसी भी सामान्य परिवार से आने वाला व्यक्ति अपनी मेहनत और क्षमता के बल पर सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है। यहां अवसर व्यक्ति की योग्यता और समर्पण से तय होते हैं।”

पूजा पाल ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी में पाल समाज का बेटा या बेटी विधायक, सांसद, मंत्री, उपमुख्यमंत्री, मुख्यमंत्री, राज्यपाल, प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति जैसे सर्वोच्च पदों तक पहुंचने की संभावना रखता है। उनके अनुसार भाजपा में सामाजिक पृष्ठभूमि नहीं, बल्कि कार्यकर्ता की मेहनत और क्षमता को महत्व दिया जाता है।

सपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि वहां नेतृत्व और राजनीतिक अवसर कुछ सीमित परिवारों और चुनिंदा चेहरों तक ही सीमित होकर रह गए हैं। उनका कहना था कि समाजवादी पार्टी में सामान्य कार्यकर्ताओं और समाज के अन्य वर्गों के लिए आगे बढ़ने की संभावनाएं पहले भी सीमित थीं और आज भी स्थिति में कोई खास बदलाव नहीं आया है।

पूजा पाल का यह बयान ऐसे समय सामने आया है जब उनके भाजपा में शामिल होने के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। उनके इस बयान को भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच बढ़ते राजनीतिक टकराव के रूप में भी देखा जा रहा है।

ये भी पढ़ें : 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *