Quick Samachar: KTM ने पॉपुलर मिडिलवेट नेकेड स्पोर्ट्स बाइक 2027 KTM 790 Duke को पेश कर दिया है. यह मॉडल लॉन्च के बाद से अब तक का सबसे बड़ा अपडेट है. नई KTM 790 Duke को पहले से ज्यादा एग्रेसिव लुक, बेहतर राइडिंग आराम और नई तकनीक के साथ तैयार किया गया है. बाइक का डिजाइन अब KTM की बड़ी बाइक्स 990 Duke और 1390 Super Duke R से इंसपायर्ड है. इसमें नया LED हेडलाइट, ज्यादा शार्प बॉडी पैनल, बड़ा फ्रंट फेयरिंग और नया फ्यूल टैंक दिया गया है, जिससे बाइक सड़क पर पहले से ज्यादा दमदार और स्पोर्टी नजर आती है.

नई 2027 KTM 790 Duke से उठा पर्दा! पहले से ज्यादा दमदार लुक, बेहतर कंट्रोल और नई टेक्नोलॉजी​

नई 790 Duke में वही 799cc LC8c पैरेललट्विन इंजन मिलता है, जो Euro 5+ उत्सर्जन मानकों के हिसाब तैयार है. यह इंजन 105hp की पावर पैदा करता है. कुछ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में इसका 95hp वाला वर्जन भी उपलब्ध होगा. हालांकि इंजन में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन कंपनी ने नया एग्जॉस्ट सिस्टम और मफलर लगाया है, जिससे परफॉर्मेंस और साउंड एक्सपीरियंस बेहतर होने की उम्मीद है.

आराम और कंट्रोल पर फोकस

KTM ने इस बार राइडर के आराम और कंट्रोल पर खास ध्यान दिया है. बाइक में नया हैंडलबार, नई सीट डिजाइन और राइडर व पिलियन के लिए बदले हुए फुटपेग दिए गए हैं. इन बदलावों की वजह से राइडिंग पोजिशन ज्यादा नैचुरल और आरामदायक हो गई है. लंबी दूरी की यात्रा के दौरान भी राइडर को कम थकान महसूस होगी. खास बात यह है कि बाइक का आकार पहले से बड़ा दिखने के बावजूद इसका वजन लगभग 2 किलोग्राम कम कर दिया गया है. इसके लिए नए सबफ्रेम, ट्रिपल क्लैम्प्स और फ्यूल टैंक का इस्तेमाल किया गया है.

ब्रेकिंग सिस्टम हुआ मजबूत

नई KTM 790 Duke में सबसे बड़ा तकनीकी बदलाव इसके नए WP ब्रेकिंग सिस्टम के रूप में देखने को मिलता है. कंपनी के अनुसार यह नया रेडियल ब्रेक सेटअप पहले से ज्यादा मजबूत ब्रेकिंग देता है और कम ताकत लगाने पर भी बेहतर कंट्रोल प्रदान करता है. इसके अलावा बाइक में अपग्रेडेड सस्पेंशन सेटअप भी दिया गया है. आगे की तरफ 43mm WP Apex USD फोर्क और पीछे WP Apex Monotube शॉक एब्जॉर्बर मिलता है. सस्पेंशन एडजस्टमेंट को आसान बनाने के लिए नया 5क्लिक एडजस्टमेंट डायल भी दिया गया है.

क्या इंडिया में लॉन्च होगी बाइक

बाइक में अब स्टैंडर्ड तौर पर Pirelli Diablo Rosso IV टायर मिलेंगे, जो बेहतर ग्रिप और हैंडलिंग का दावा करते हैं. KTM ने ग्राहकों की प्रतिक्रिया के बाद अपने Demo Mode फीचर को भी हटाने का फैसला किया है. इसके अलावा हाईस्पीड स्टेबलिटी बढ़ाने के लिए WP Steering Damper भी दिया गया है. नई KTM 790 Duke जुलाई 2027 के अंत से अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बिक्री के लिए उपलब्ध होगी. हालांकि अभी तक यह साफ नहीं है कि कंपनी इस बाइक को भारतीय बाजार में लॉन्च करेगी या नहीं. कीमतों का खुलासा भी फिलहाल नहीं किया गया है.