
CG: कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से रौंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। जहां जन्म देने वाली मां को टोनही बताकर बेरहम बेटे ने डंडे से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। कलयुगी बेटी की करतूत का जब पिता को पता चला तो उसने खुद थाने पहुंचकर आरोपी बेटे के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर किया है।
जानिए पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, 11 सितम्बर को ग्राम मुड़वाही निवासी सबर सिंह मेरावी द्वारा अपनी पत्नी बतसिया बाई मेरावी 50 वर्ष की मौत के संबंध में थाना झलमला में शिकायत दर्ज करवाया था। इस सूचना पर पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर घटनास्थल का निरीक्षण व शव पंचनामा कार्रवाई की गई।
शव निरीक्षण के दौरान मृतिका के शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोट के निशान मिले, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएचसी रेंगाखार भेजा गया। जांच के दौरान गवाहों के कथन व अन्य साक्ष्यों के आधार पर गंभीर तथ्य सामने आए।
घटना वाली रात मां से मारपीट
जांच के दौरान गवाहों ने बताया कि 9 सितम्बर की रात 10 बजे तुलसी राम मेरावी अपनी मां पर टोनही का आरोप लगाते हुए मारपीट कर रहा था। आरोपी द्वारा लात-घूंसों व लकड़ी के डंडे से वार कर गंभीर चोट पहुंचाया था। पोस्टमार्टम के बाद शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में मृतिका की छाती पर गंभीर चोटों के कारण मौत होने की बात सामने आई।
जांच और सबूतों के आधार पर आरोपी तुलसी राम द्वारा अपनी मां को टोनही कहकर हत्या करने की बात सामने आई। थाना झलमला में धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता व धारा 4, 5 छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम, 2005 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जाँच में लिया गया।
आरोपी को भेजा गुया जेल
जाँच के दौरान आरोपी तुलसी राम मेरावी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने घटना के संबंध में जानकारी दी और उसके बयान के आधार पर घटना में शामिल लकड़ी का डंडा (चिरान) जब्त किया गया। प्रकरण में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आज गिरफ्तार किया गया और न्यायालय के समक्ष पेश कर जुडिशल रिमांड पर भेजा गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी झलमला निरीक्षक आशीष कंसारी के नेतृत्व में थाना टीम से प्रधान आरक्षक पौराणिक लहरे, आर. राजेंद्र मरकाम, राजेश्वर नाग की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस की अपील
कबीरधाम पुलिस आमजन से अपील करती है कि अंधविश्वास अथवा टोनही होने के संदेह में किसी भी व्यक्ति को प्रताड़ित करना गंभीर अपराध है। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। ऐसी घटनाओं की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
मूल रूप से रायपुर के रहने वाले संदीप कुमार कडुकार के पास टीवी और डिजिटल मीडिया का लंबा अनुभव है। उन्होंने छत्तीसगढ़ कॉलेज, रायपुर से बीकॉम और पंडित रविशंकर शुक्ल यूनिवर्सिटी से पॉलिटिकल साइंस में मास्टर्स किया है। विभिन्न रीजनल चैनल्स में 10 सालों तक काम करने के बाद, संदीप पिछले 7 सालों से NPG News में बतौर रिपोर्टर अपनी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं