
रामसनेहीघाट/बाराबंकी, अमृत विचार। सीएचसी बनीकोडर के अंतर्गत संचालित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पटकनपुरवा में प्रसव के नाम पर गरीब श्रमिक से 2100 रुपये की कथित अवैध वसूली का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रसव के दौरान मृत शिशु के जन्म के बावजूद वहां तैनात एएनएम ने पैसे लिए। घटना सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया और अधिकारियों ने जांच के आदेश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, सकौली गांव निवासी गंगाराम बुधवार रात अपनी गर्भवती पत्नी कोमल को प्रसव पीड़ा होने पर पीएचसी पटकनपुरवा लेकर पहुंचे थे। अस्पताल में प्रसव के दौरान मृत शिशु का जन्म हुआ। गंगाराम का आरोप है कि इस दुखद स्थिति के बावजूद वहां तैनात एएनएम ने प्रसव कराने के नाम पर उनसे 2100 रुपये वसूल लिए।
इतना ही नहीं, दाई द्वारा 250 रुपये अलग से लिए गए तथा चायपानी के नाम पर भी खर्च कराया गया। पीड़ित गंगाराम ने बताया कि वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालनपोषण करते हैं। उनके लिए इतनी बड़ी रकम जुटाना आसान नहीं है। उन्होंने कहा कि मृत शिशु के जन्म के सदमे के बीच अस्पताल कर्मियों द्वारा पैसे लिए जाने से परिवार पूरी तरह टूट गया। मामले की जानकारी सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया।
अधीक्षक बोले पीड़ित के रुपये वापस कराए जा रहे
सीएचसी बनीकोडर के अधीक्षक डॉ. रमेश चंद्र ने बताया कि शिकायत मिलते ही मामले का संज्ञान लिया गया है। संबंधित एएनएम से पीड़ित के 2100 रुपये वापस कराए जा रहे हैं। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजन गौतम ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच के लिए टीम गठित की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।