Barabanki News : ‘मृत लाभार्थियों’ की जगह अपात्रों के नाम! अंत्योदय कार्ड चयन में फर्जीवाड़े के आरोप से मचा हड़कंप, ग्रामीणों ने की जांच की मांग

Barabanki News : ‘मृत लाभार्थियों’ की जगह अपात्रों के नाम! अंत्योदय कार्ड चयन में फर्जीवाड़े के आरोप से मचा हड़कंप, ग्रामीणों ने की जांच की मांग
Barabanki News : ‘मृत लाभार्थियों’ की जगह अपात्रों के नाम! अंत्योदय कार्ड चयन में फर्जीवाड़े के आरोप से मचा हड़कंप, ग्रामीणों ने की जांच की मांग

हैदरगढ़ । बाराबंकी जिले के विकास खंड त्रिवेदीगंज की ग्राम पंचायत पोखरा में अंत्योदय राशन कार्ड के चयन को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि मृत अंत्योदय कार्डधारकों के स्थान पर अपात्र लोगों को लाभ दिलाने के लिए बैक डेट में प्रस्ताव तैयार किया गया और उसे आपूर्ति विभाग भेज दिया गया। शिकायत सामने आने के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है। ग्रामीणों ने बीडीओ समेत उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र भेजकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों का दावा बिना ग्राम सभा के तैयार हुआ प्रस्ताव

ग्रामीण तेज बहादुर पासी, रामधन, आनंद और अरविंद सहित अन्य लोगों ने आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत में प्रशासक की नियुक्ति के बाद मृत अंत्योदय कार्डधारकों के स्थान पर अपात्र व्यक्तियों का चयन कर कथित रूप से बैक डेट में प्रस्ताव तैयार किया गया।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि शासन के दिशानिर्देशों के अनुसार प्रशासक को इस प्रकार का प्रस्ताव पारित करने का अधिकार नहीं है। इसके बावजूद कथित तौर पर प्रस्ताव तैयार कर आपूर्ति विभाग को भेज दिया गया।

‘बंद कमरे में हुई पूरी प्रक्रिया’, जांच रिपोर्ट पर भी सवाल

ग्रामीणों का आरोप है कि प्रस्ताव ग्राम सभा की खुली बैठक में पारित नहीं किया गया। न तो सार्वजनिक बैठक बुलाई गई और न ही नियमानुसार पात्रता की जांच की गई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि एडीओ ने कथित रूप से बंद कमरे में बैठकर जांच आख्या तैयार कर दी और अपात्र व्यक्तियों को पात्र दर्शा दिया। ग्रामीणों ने इस पूरी प्रक्रिया को नियमों के विपरीत बताते हुए जांच की मांग की है।

फर्जी प्रस्ताव रद्द कर पात्रों को लाभ देने की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बैक डेट में तैयार किए गए कथित फर्जी प्रस्ताव और एडीओ की जांच रिपोर्ट को तत्काल निरस्त किया जाए। साथ ही अपात्र व्यक्तियों के चयन पर रोक लगाकर वास्तविक पात्र परिवारों का चयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंच सके।

कार्रवाई नहीं हुई तो जनआंदोलन की चेतावनी

शिकायतकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो वे उच्चाधिकारियों से शिकायत करने के साथ जनआंदोलन शुरू करेंगे। फिलहाल पूरे मामले में प्रशासन की अगली कार्रवाई पर ग्रामीणों की नजरें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *