Moradabad News : नकली कॉपर वायर स्क्रैप बेचकर लाखों की ठगी करने वाले तीन गिरफ्तार

Moradabad News : नकली कॉपर वायर स्क्रैप बेचकर लाखों की ठगी करने वाले तीन गिरफ्तार
Moradabad News : नकली कॉपर वायर स्क्रैप बेचकर लाखों की ठगी करने वाले तीन गिरफ्तार

मुरादाबाद, अमृत विचार। थाना सिविल लाइंस पुलिस ने कॉपर वायर स्क्रैप के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से दो कारें, 128 बंडल नकली कॉपर वायर, तीन तमंचे, छह कारतूस, फर्जी आधार कार्ड और नकदी बरामद किए गए हैं।

शुक्रवार को एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने अपने कार्यालय में वायर स्क्रैप के नाम लोगों के साथ ठगी करने वाले गैंग का पर्दाफाश किया। बतााया कि गैंग के तीन साथी पकड़े गए हैं। उन्होंने बताया कि सुल्तानपुर निवासी स्क्रैप कारोबारी नीरज बरनवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 16 जुलाई को कुछ लोगों ने खुद को यूपीपीसीएल का स्क्रैप कॉपर ठेकेदार बताकर करीब 1200 किलोग्राम कॉपर वायर स्क्रैप का सौदा 5.30 लाख रुपये में किया। बाद में जांच में पता चला कि वायर के बाहरी हिस्से पर केवल तांबे की परत चढ़ाई गई थी, जबकि अंदर सीमेंट भरा हुआ था। पूरे माल में केवल लगभग 20 किलोग्राम ही असली तांबा निकला। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

आरोपियों को पकड़ने के लिए गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर अगवानपुर रोड स्थित निर्माणाधीन बाईपास पुल के पास से भूरा अली, जाने आलम और इकबाल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे निर्माणाधीन मकानों और फैक्ट्रियों से कॉपर वायर के टुकड़े चोरी करते थे। तार के अंदर का तांबा निकालकर उसमें सीमेंट भर देते थे और सिरों पर असली तांबे के तार लगाकर उसे असली कॉपर स्क्रैप बताकर बेचते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो लग्जरी कार, 128 बंडल नकली कॉपर वायर, दो असली और तीन फर्जी आधार कार्ड,1,800 रुपये नकद, 315 बोर का तीन तमंचा और छह जिंदा कारतूस बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी पहले भी ठगी, चोरी, डकैती और गैंगस्टर एक्ट सहित कई मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *