
Wife Killed Husband With Lover Sedative Pills: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से एक ऐसा सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों की पवित्रता को तार-तार कर दिया है. रतनपुरी थाना क्षेत्र के हुसैनपुर भंवड़ा गांव में रहने वाले 28 साल के किसान रकीब की मौत को जहां लोग हादसा या सामान्य मौत मान रहे थे, लेकिन वह बेवफा पत्नी और उसके प्रेमी ननदोई द्वारा रची गई एक खतरनाक साजिश थी. रकीब की पत्नी तबस्सुम के अपने ही ननदोई (पति की बहन के पति) शाहरुख के साथ पिछले डेढ़ साल से अवैध संबंध चल रहे थे. जब रकीब इन दोनों के बीच दीवार बनने लगा और इसका विरोध करने लगा, तो इस प्रेमी जोड़े ने उसे रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान बना लिया. दोनों ने मिलकर रकीब के दूध में नींद की गोलियां मिलाईं और उसे हमेशा के लिए मौत की नींद सुला दिया. अगली सुबह पत्नी ने ऐसा नाटक किया जैसे पति की प्राकृतिक मौत हुई हो और जमकर हंगामा काटा. हालांकि, मृतक के पिता सत्तार की शिकायत और पुलिस की सख्त पूछताछ व कॉल डिटेल्स ने इस ब्लाइंड मर्डर की परतें खोल दीं.
अवैध संबंधों के आड़े आ रहा था पति
भंवड़ा गांव के रहने वाले किसान रकीब को शायद इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि जिस घर में उसकी पत्नी तबस्सुम और उसका ननदोई शाहरुख आपस में रिश्तेदार बनकर मिलते-जुलते थे, वही उसकी पीठ पीछे उसकी जान के दुश्मन बन चुके हैं. दोनों के बीच पिछले डेढ़ साल से अवैध संबंध चल रहे थे. रकीब इस रिश्ते का कड़ा विरोध करता था, जिससे परेशान होकर इन दोनों प्रेमियों ने उसे हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली ताकि वे बेरोक-टो टोक मिल सकें.
ऐसे दिया गया वारदात को अंजाम
घटना वाले दिन यानी 8 सितंबर को आरोपियों ने पूरी प्लानिंग के तहत काम किया. रकीब के बीमार माता-पिता उस दिन मेरठ दवा लेने गए थे और रात को वहीं रिश्तेदारों के यहां रुक गए थे. इसी मौके का फायदा उठाकर शाहरुख भंवड़ा गांव अपने ससुराल आ गया. रात के वक्त तबस्सुम ने पति रकीब को दूध में नींद की भारी डोज (4 गोलियां) मिलाकर पिला दी. जहर और नशे के ओवरडोज से रकीब की सोते हुए ही दर्दनाक मौत हो गई, और सुबह होते ही आरोपी शाहरुख अपने घर वापस लौट गया.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में राज खुला
घटना के बाद पत्नी तबस्सुम ने पति की मौत को नेचुरल दिखाने के लिए खूब ड्रामा किया और रोना-पीटना मचाया. जब पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, तो मौत की असली वजह साफ नहीं हो पाई, जिसके बाद पुलिस ने विसरा सुरक्षित रख लिया. लेकिन शक के आधार पर जब पुलिस ने तबस्सुम की कॉल डिटेल्स निकाली और कड़ाई से पूछताछ की, तो उसका कलेजा कांप गया और उसने सारा सच उगल दिया. पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी शाहरुख को गिरफ्तार कर उनके पास से नींद की गोलियों के रैपर भी बरामद कर लिए हैं.
4 बच्चों की मां और 3 बच्चों के पिता ने उजाड़ा परिवार
इस पूरी घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि रिश्तों की आड़ में पाप करने वाले इन दोनों आरोपियों के अपने भरे-पूरे परिवार और बच्चे हैं. आरोपी शाहरुख खुद तीन बच्चों का पिता है और मजदूरी करता है, जबकि तबस्सुम भी दो बेटियों और दो बेटों यानी चार बच्चों की मां है. मामूली हवस और अवैध संबंधों के चक्कर में इन दोनों ने अपने ही परिवारों और मासूम बच्चों की जिंदगी दांव पर लगा दी.
ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं।