
Lucknow Viral Video: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार सुबह जनेश्वर मिश्र पार्क के पास एक युवती को कार से टक्कर मारने का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवती कार के सामने खड़ी होकर उसे रोकने का प्रयास करती दिखाई दे रही है. आरोप है कि कार चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी, जिससे टक्कर लगने के बाद युवती सड़क पर गिर गई. इसके बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया.
मामला सामने आने के बाद गोमतीनगर विस्तार पुलिस ने जांच शुरू की. पुलिस ने आरोपी कार चालक शाहनवाज को गिरफ्तार कर लिया है. उसकी कार भी बरामद कर ली गई है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है.
एक-दूसरे को पहले से जानते थे शाहनवाज और युवती
पुलिस के अनुसार, शाहनवाज और युवती एक-दूसरे को पहले से जानते थे. युवती का आरोप है कि शाहनवाज ने उससे रिश्ते के दौरान अपनी पहचान छिपाई और खुद को ‘यश ठाकुर’ बताया था. युवती के मुताबिक, बाद में उसे शाहनवाज की वास्तविक पहचान के बारे में पता चला.
युवती का आरोप है कि बुधवार सुबह वह स्कूटी से जनेश्वर मिश्र पार्क पहुंची थी. वहां उसने शाहनवाज को कार में किसी अन्य युवती के साथ देखा. इसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया. युवती ने कार में बैठे शाहनवाज से बात करने की कोशिश की, लेकिन वह वहां से जाने लगा.
युवती ने कार को रोकने के लिए उसके सामने खड़े होकर रास्ता रोकने का प्रयास किया और कुछ देर के लिए बोनट पर भी लटक गई. आरोप है कि इसके बाद शाहनवाज ने कार की रफ्तार बढ़ा दी और युवती को टक्कर मारकर मौके से भाग गया. टक्कर के बाद युवती सड़क पर गिर पड़ी.
शाहनवाज ने युवती के आरोपों से किया इनकार
वहीं पुलिस हिरासत में शाहनवाज ने युवती के आरोपों से इनकार किया है. उसका कहना है कि उसे मामले में फंसाया जा रहा है. शाहनवाज ने आरोप लगाया कि युवती पिछले छह-सात महीने से उसे परेशान कर रही थी और उसका पीछा करती थी. उसने दोनों के बीच पैसों के लेनदेन की बात भी कही है. पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है.
लखनऊ पुलिस की डीसीपी डॉ. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। दीक्षा शर्मा के मुताबिक, बुधवार सुबह जनेश्वर मिश्र पार्क के पास युवती को कार से टक्कर मारने की सूचना मिली थी. पुलिस मौके पर पहुंची तो जांच में पता चला कि युवती और युवक पहले से एक-दूसरे को जानते थे. दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद युवक ने युवती को कार से टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया.
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. मामले में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.