अनूठी दोस्ती! वकील के आते ही चैंबर में आकर मेज पर बैठ जाता है बंदर, जेब से खुद निकालता है रोटी​​

अनूठी दोस्ती! वकील के आते ही चैंबर में आकर मेज पर बैठ जाता है बंदर, जेब से खुद निकालता है रोटी​​
Featured Image

गाजियाबाद की कोर्ट में बंदर और वकील की दोस्ती

उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद की कचहरी से एक वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है. यह वीडियो एक वकील की बंदर से दोस्ती का है. इसे देखकर आपको हैरानी हो सकती है, हंसी भी छूट सकती है, लेकिन ऐसा रोजाना होता है. इस कचहरी में एक बंदर रोज सुबह वकील के अपने चैंबर में आने से पहले पहुंच जाता है. बाहर बैठकर चैंबर खुलने का इंतजार करता है.

जैसे ही चैंबर खुलता है, दौड़कर वकील की मेज पर बैठ जाता और वकील की जेब से रोटी निकालकर वहां से चला जाता है. यह क्रम आज से नहीं, बल्कि बीते पांच वर्षों से अनवरत चल रहा है. ये चैंबर है गाजियाबाद कोर्ट में वकील महेश यादव का. वह भी बंदर को देखते ही हाथ जोड़ लेते हैं और जय हनुमान-जय हनुमान करने लगते हैं. वह इस बंद के लिए जेब में रोटी रखना नहीं भूलते. कहते हैं कि यह बंदर उनका ईष्ट है, उनका दोस्त है.

पांच साल से कायम है दोस्ती

पूर्व में सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता रह चुके महेश यादव गाजियाबाद कोर्ट में करीब 30 साल से वकालत कर रहे हैं. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि करीब पांच वर्ष पहले इस बंदर से उनकी दोस्ती हुई. उसके बाद से यह रोजाना उनके आने से पहले ही चैंबर के बाहर आता है और चैंबर खुलते ही अंदर आकर मेज पर बैठ जाता है. फिर बड़े आराम से उनकी जेब से रोटी निकालता है और चुपचाप वहां से चला जाता है.

रोज इंतजार करता है बंदर

उन्होंने बताया कि कभी किसी कारणवश वह कचहरी नहीं जा पाते हैं. ऐसी स्थिति में बंदर पूरे दिन उनके चैंबर के आसपास मंडराता रहता है. उसकी हरकत देखकर आसपास के लोग भी समझ जाते हैं कि यह उनका इंतजार कर रहा है. फिर अगले दिन जैसे ही चैंबर पहुंचते हैं, आकर उनके पास बैठ जाता है. वह भी उसके सिर पर हाथ फेरते हैं और कई बार अपने हाथों से उसे रोटी भी खिलाते हैं. इनकी इस दोस्ती का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *